Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

पंजाब सरकार ने महिला सशक्तिकरण के किए ठोस प्रयास, 10 जिलों में महिला डीसी: CM Mann

December 1, 2023

पंजाब सरकार ने महिला सशक्तिकरण के किए ठोस प्रयास, 10 जिलों में महिला डीसी: CM Mann

जालंधर : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने वीरवार को यहां पुलिस कर्मचारियों के परिवारों की भलाई के लिए पंजाब पुलिस द्वारा पंजाबी फिल्म एंड टीवी एक्टर्ज एसोसिएशन (PFTAA) के सहयोग से करवाए गए अपनी किस्म के पहले सांस्कृतिक समागम गुलदस्ता-2023 (Guldasta-2023) का उद्घाटन किया। जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि इस अहम पहल का उद्देश्य पंजाब पुलिस के जवानों के परिवारों की भलाई को सुनिश्चित बनाना है। यह समागम इन बहादुर जवानों के परिवारों को समर्पित है।

भगवंत सिंह मान ने PAP ग्राऊंड में इस समागम का आयोजन करने के लिए PFTAA का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह बड़े गर्व की बात है कि राज्य के 3 करोड़ से अधिक लोगों के लिए आराम की नींद को सुनिश्चित बनाने के लिए 80,000 पुलिस कर्मचारी पूरी निष्ठा से अपनी ड्यूटी कर रहे हैं। मान ने कहा कि जब से उन्होंने पद संभाला है, उनकी सरकार पुलिस फोर्स के नवीनीकरण की तरफ विशेष ध्यान दे रही है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि पुलिस फोर्स के वैज्ञानिक रास्ते पर आधुनिकीकरण पर ध्यान दिया जा रहा है और आर्टिफिशियल इंटैलीजैंस के प्रयोग को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। सीएम ने कहा कि पहले भी मुंबई में इस तरह का समागम करवाया जा रहा था, जिसमें बालीवुड के कलाकार हिस्सा लेते थे। उन्होंने कहा कि अब राज्य सरकार ने पुलिस बल की भलाई को सुनिश्चित बनाने के लिए यह पहल की है।

उन्होंने इस बात पर खुशी जाहिर की कि इस समागम में पुलिस कर्मचारियों के सगे-संबंधियों और यहां तक कि पुलिस कर्मचारियों ने भी शमूलियत की। उन्होंने कहा कि यह रंगला पंजाब सृजन करने की दिशा में एक ओर कदम है जहां समाज का हर वर्ग खुशहाली, शांति और तरक्की के रास्ते पर चलेगा। उन्होंने पुलिस बल को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि आने वाले समय में इस समागम में फिल्मी सितारे भी शिरकत करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य के कई जिलों में सीनियर पुलिस कप्तान के तौर पर महिला अधिकारी तैनात हैं और 10 से अधिक जिलों में महिला डिप्टी कमिश्नर हैं। सीएम ने कहा कि राज्य सरकार ने राज्य में 1,450 और पुलिस कर्मचारियों की भर्ती करने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मंजूरी दे दी है। इसका उद्देश्य नौजवानों को राज्य के सामाजिक-आर्थिक विकास में बराबर का हिस्सेदार बनाना है।

उन्होंने कहा कि पुलिस में 1450 पुलिस कर्मचारियों की भर्ती जिला स्तर पर फोर्स के कामकाज को और अधिक सुचारू बनाएगी और राज्य में अमन-कानून को बरकरार रखने के साथ-साथ समाज विरोधी तत्वों पर नकेल कसने में भी सहायक होगी। सीएम ने यह भी कहा कि राज्य सरकार द्वारा विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रशिक्षण देने के लिए 8 अति-आधुनिक सैंटर खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सैंटर नौजवानों को यूपीएससी की परीक्षा पास करने और राज्य एवं देश में नामवर पद हासिल करने के लिए मानक प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। इस मौके पर सीएम ने ड्यूटी के दौरान बलिदान देने वाले पुलिस कर्मचारियों के परिवारों को एक्स ग्रेशिया ग्रांट के चैक सौंपे। उन्होंने पीएफटीएए के सदस्यों का सम्मान भी किया और एडीजीपीएमएफ फारूकी द्वारा लिखे और प्रसिद्ध गायक मास्टर सलीम द्वारा गाया गीत ‘अरदास’ जारी किया। इससे पहले डायरैक्टर जनरल आॅफ पुलिस गौरव यादव ने सीएम और अन्य आदरणियों का समागम में स्वागत किया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें