Last Updated: November 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

वेरका उत्पाद बेचकर आत्मनिर्भर बनेंगी ग्रामीण महिलाएं

November 21, 2026

वेरका उत्पाद बेचकर आत्मनिर्भर बनेंगी ग्रामीण महिलाएं
 

Women Self-Help Groups Get Freezer-on-Wheels Units : मोगा। ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उन्हें स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से पंजाब राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ने मिल्कफेड (वेरका) के सहयोग से एक महत्वपूर्ण पहल की है।

इस पहल के तहत शुक्रवार को मोगा में डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने पांच स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिला लाभार्थियों को फ्रीजर ऑन व्हील्स यूनिट वितरित किए। इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) कुलप्रीत सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस योजना के तहत आस, गुरु गोबिंद सिंह, बाबा जीवन सिंह, सिमरन और सहज स्वयं सहायता समूहों की महिला सदस्यों को फ्रीजर ऑन व्हील्स यूनिट दिए गए हैं। इन यूनिटों की मदद से महिलाएं वेर्का की आइसक्रीम, दूध और अन्य डेयरी उत्पादों की बिक्री कर अपना कारोबार शुरू कर सकेंगी।

फ्रीजर से लैस इन वाहनों के माध्यम से महिलाएं गांवों, कस्बों, बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जाकर ग्राहकों तक सीधे पहुंच बना सकेंगी। इससे उन्हें अपनी आमदनी बढ़ाने के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा। इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना समय की मुख्य जरूरत है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं में बचत, आपसी सहयोग और सामूहिक रूप से काम करने की भावना को बढ़ावा दिया जा रहा है। अब सरकार की ऐसी योजनाओं के माध्यम से उन्हें अपना कारोबार स्थापित करने और आय के नए साधन विकसित करने का अवसर भी मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल प्रशिक्षण देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें आर्थिक सहायता, बाजार से जोड़ने और कारोबार चलाने के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाना भी बेहद जरूरी है। फ्रीजर ऑन व्हील्स जैसी पहल महिलाओं में उद्यमशीलता की भावना विकसित करने और उन्हें अपने पैरों पर खड़ा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि इस परियोजना के तहत पात्र स्वयं सहायता समूहों की महिला सदस्यों को कम्युनिटी इन्वेस्टमेंट फंड के माध्यम से फ्रीजर ऑन व्हील्स यूनिट खरीदने के लिए अधिकतम 1.50 लाख रुपये तक का दो वर्ष के लिए ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की गई है।

इसका उद्देश्य महिलाओं को कारोबार शुरू करने के लिए जरूरी शुरुआती पूंजी की समस्या से राहत दिलाना है। इसके अलावा मिल्कफेड (वेर्का) की ओर से प्रत्येक लाभार्थी को एमआरपी के अनुसार 15 हजार रुपये मूल्य के वेर्का उत्पाद भी मुफ्त उपलब्ध करवाए जाएंगे। ये उत्पाद तीन किस्तों में दिए जाएंगे, ताकि महिलाओं को कारोबार के शुरुआती दौर में ही बिक्री के लिए पर्याप्त स्टॉक मिल सके और वे बिना किसी बड़े शुरुआती निवेश के अपना काम शुरू कर सकें। योजना के तहत वेर्का अपने अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर नेटवर्क के माध्यम से लाभार्थी महिलाओं को आइसक्रीम, दूध और अन्य डेयरी उत्पादों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने में सहयोग करेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें