लुधियाना/जालंधर : मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लड़कियों से पंजाब का भविष्य बनाने में बराबर के पार्टनर के तौर पर आगे आने की जोरदार अपील की। उन्होंने कहा कि शासन, अर्थव्यवस्था और राजनीति में महिलाओं की पूरी भागीदारी के बिना राज्य सबसे आगे नहीं रह सकता। लुधियाना में पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी में राज्यस्तरीय अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस समारोह के मौके पर मुख्यमंत्री ने कई सफल महिलाओं को भी सम्मानित किया, जिनमें हाल ही में यूपीएससी परीक्षा पास करने वाली लड़कियां भी शामिल थी।
इस मौके पर मंत्री डा. बलजीत कौर भी मौजूद थीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ने राज्य भर में महिलाओं को शासन और प्रशासन में मौके देकर उन्हें मजबूत बनाने की पूरी कोशिश की है। इससे पहले किसी दूसरी सरकार ने उन्हें इन जरूरी पदों पर नियुक्त करने की जहमत नहीं उठाई। जबकि, हमारी सरकार ने कई महिला अधिकारियों को डिप्टी कमिश्नर और सीनियर सुपरिंटैंडैंट ऑफ पुलिस नियुक्त किया है। कई महिला अधिकारियों को एडीसी भी नियुक्त किया गया है। महिला अधिकारी इन ऊंचे पदों पर समाज की सेवा करते हुए लगन और काबिलियत के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा रही हैं।

