मोहाली: महिला क्रिकेट में भारत को पहला विश्व कप दिलाने वाली टीम की पंजाबी खिलाड़ी—कप्तान हरमनप्रीत कौर, हरलीन देओल और अमनजोत कौर में से 2 खिलाड़ी आज पंजाब लौटीं, जिनका मोहाली एयरपोर्ट पर पंजाब सरकार ने भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, सांसद गुरमीत मीत हेयर, विधायक डा. अमनदीप कौर अरोड़ा व अन्य अधिकारियों ने दोनों खिलाड़ियों का मुख्यमंत्री की ओर से स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और फूलमालाओं से अभिनंदन किया गया।
नेताओं ने कहा कि तीनों बेटियों ने पंजाब और देश का नाम रोशन किया है। राज्य की नई खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को नकद राशि और नौकरियां दी जा रही हैं। मीत हेयर ने कहा कि इस जीत से महिला क्रिकेट में नई क्रांति आएगी। पंजाब व छोटे शहरों से शुभमन गिल, हरमनप्रीत, अर्शदीप, हरलीन और अमनजोत जैसे बड़े खिलाड़ी उभर रहे हैं। हरलीन और अमनजोत ने पंजाब सरकार व मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया और कहा कि मिला सम्मान उन्हें और मेहनत के लिए प्रेरित करता है। साथ ही परिवार, कोच और बीसीसीआई का आभार जताया। परिवार के सदस्य व कई क्रिकेट प्रेमी भी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- ईरान तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य पर दुनिया की नजर, तेल सप्लाई के लिए रणनीतिक महत्व