Punjab Weather Update: पंजाब में सर्दी के मौसम के साथ अब धुंध का प्रभाव भी बढ़ने लगा है। मौसम विभाग ने राज्य के पांच जिलों में घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 20 नवंबर से 22 नवंबर तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में धुंध छाए रहने की संभावना है। वहीं, 23 नवंबर को मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।
दूसरी तरफ, प्रदेश के लोगों के लिए प्रदूषण के मोर्चे पर कुछ राहत की खबर है। राज्य के कई शहरों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) में मामूली सुधार दर्ज किया गया है। हालांकि, खन्ना में प्रदूषण का स्तर अब भी चिंताजनक बना हुआ है।
20 नवंबर को इन पांच जिलों में घने कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, 20 नवंबर को अमृतसर, पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर और रूपनगर में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाने की आशंका है। इसे देखते हुए इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
आने वाले दिनों में कोहरे का दायरा बढ़ सकता है। 21 और 22 नवंबर को पठानकोट, अमृतसर, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर, मोहाली, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में घने कोहरे की संभावना जताई गई है।
हालांकि, 23 नवंबर को पूरे पंजाब में किसी तरह की मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है। इस दिन मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है।
खन्ना में सबसे ज्यादा प्रदूषण, रूपनगर में AQI महज 42
धुंध के बीच वायु गुणवत्ता के आंकड़ों में कुछ राहत जरूर देखने को मिली है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के वीरवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, पंजाब में खन्ना सबसे अधिक प्रदूषित शहर रहा। यहां AQI 255 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है।
वहीं, रूपनगर में वायु गुणवत्ता सबसे बेहतर रही और यहां AQI 42 रिकॉर्ड किया गया। राज्य के बाकी शहरों में प्रदूषण का स्तर 100 से 200 के बीच बना हुआ है।
पंजाब के प्रमुख शहरों का AQI
शहर AQI
अमृतसर 152
बठिंडा 178
जालंधर 130
खन्ना 255
लुधियाना 176
मंडी गोबिंदगढ़ 146
पटियाला 120
रूपनगर 42
तापमान में नहीं हुआ कोई खास बदलाव
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में फिलहाल कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं आया है। तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान बठिंडा एयरपोर्ट पर 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अन्य प्रमुख शहरों में अमृतसर और लुधियाना का अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री, पटियाला में 28.4 डिग्री, पठानकोट में 24.8 डिग्री और चंडीगढ़ में 27.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इसके अलावा गुरदासपुर में 26.4 डिग्री, फिरोजपुर में 28.1 डिग्री, होशियारपुर में 27.2 डिग्री, मोहाली में 27.5 डिग्री, संगरूर में 27.2 डिग्री, तरनतारन में 28.3 डिग्री और फतेहगढ़ साहिब में 27.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
ये भी पढ़ें…
वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह
अगले दो दिनों तक कई जिलों में घना कोहरा छाने की संभावना को देखते हुए सुबह और देर रात वाहन चलाने वालों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। कम दृश्यता के दौरान वाहनों की गति नियंत्रित रखना और सुरक्षित दूरी बनाए रखना जरूरी है। वहीं, प्रदूषण प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को बाहरी गतिविधियों के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी जाती है।