जालंधर: वेस्ट हलके में नशे की ओवरडोज के कारण हुई युवक की दुखद मौत के बाद पीड़ित परिवार के लिए इंसाफ की मांग तेज हो गई है। इस मुद्दे पर भाजपा नेता शीतल अंगूरल ने सख्त रुख अपनाते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और स्कूल जाने वाले मासूम बच्चों को नशे के इस जाल से बचाने की जोरदार अपील की है।
पीड़ित परिवार के लिए इंसाफ की गुहार
भाजपा नेता शीतल अंगूरल ने कहा कि पीड़ित परिवार अपने बच्चे के लिए न्याय मांग रहा है और उन्हें हर हाल में इंसाफ मिलना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि पीड़ित परिवार के साथ-साथ स्कूल में पढ़ने वाले बाकी गरीब बच्चों के भविष्य को बचाना भी हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वे और उनकी टीम इस दुख की घड़ी में पीड़ित मां और परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं।
स्कूल के बाहर नशा, सीरिंजें और गंदी पन्नियां
शीतल अंगूरल ने बताया कि यह पूरा इलाका एक गरीब बस्ती है, जहाँ गरीब परिवारों के 3, 4, 5 और 6 साल तक के छोटे मासूम बच्चे पढ़ने आते हैं। उन्होंने खुलासा किया कि जिस स्कूल में माता-पिता अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा के लिए भेजते हैं, उसी स्कूल के ठीक बाहर खुलेआम नशा बेचा जा रहा है। स्कूल के बाहर नशे के टीके (सीरिंजें), कैप्सूल और ‘चिट्टे’ की खाली पन्नियां बिखरी पड़ी हैं। उन्होंने चिंता जताई कि इतने छोटे बच्चों के कोमल दिमाग पर इस भयानक माहौल का क्या असर पड़ेगा।
प्रिंसिपल और पुलिस प्रशासन पर उठाए सवाल
स्कूल प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए अंगूरल ने कहा कि प्रिंसिपल का काम सिर्फ बच्चों से फीस के पैसे इकट्ठे करना नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है। माता-पिता बच्चे को शिक्षा के केंद्र में भेजते हैं, लेकिन यहाँ बच्चों को नशे का सामान देखने को मिल रहा है। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि पास में दो-दो पुलिस थाने स्थित होने के बावजूद इलाके में ऐसे हालात बने हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस आज स्वतंत्र होकर काम नहीं कर पा रही है और सरकार के दबाव में चल रही है।
जालंधर पुलिस कमिश्नर से अपील और समर्थन का वादा
शीतल अंगूरल ने जालंधर के पुलिस कमिश्नर (सीपी साहिब) की ईमानदारी की मिसाल देते हुए उनसे हाथ जोड़कर प्रार्थना की है कि वे खुद इस गरीब बस्ती का दौरा करें और हालात का जायजा लें। उन्होंने मांग की कि पुलिस बिना किसी राजनीतिक दबाव के तुरंत और सख्त कार्रवाई करे। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस लड़ाई में वे खुद, कुनाल शर्मा और शक्ति भगत परिवार के साथ हर कदम पर खड़े रहेंगे।

