Site icon Dainik Savera Times

होटल में युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, परिजनों ने लगाया महिला पर आरोप

राजपुरा: शांत माने जाने वाले राजपुरा शहर में उस समय सनसनी फैल गई जब एक 23 वर्षीय युवक का शव एक निजी होटल के कमरे में मिला। मृतक की पहचान गांव जनसुआ निवासी करन के रूप में हुई है, जो तीन दिन पहले लापता हो गया था। इस घटना ने कई अनसुलझे सवाल खड़े कर दिए हैं, जिसमें सबसे बड़ा सवाल यह है कि करन होटल में क्या कर रहा था और उसकी मौत कैसे हुई? करन के शव मिलने के बाद से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक के पिता रमेश कुमार, मां गुडी और बहन रजी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए एक चौंकाने वाला आरोप लगाया है। परिवार का सीधा आरोप है कि एक महिला ने ही करन की हत्या की है। परिजनों ने कहा कि करन ही उनके घर का एकमात्न सहारा था।

उन्होंने इंसाफ की गुहार लगाते हुए मांग की है कि उनके बेटे की मौत की सच्चाई सामने लाई जाए और दोषियों को सजा मिले। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। इस संबंध में डीएसपी राजपुरा मनजीत सिंह ने मृतक करन की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की सभी पहलुओं से गहन जांच कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि मृतक युवक के परिवार के सदस्य जो भी बयान देंगे, उसी के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जाएगी।

ये भी पढ़ें: ईरान का दावा: US का F-15E लड़ाकू विमान गिराया, पायलट को जिंदा पकड़ा; अमेरिका ने साधी चुप्पी

Exit mobile version