Site icon Dainik Savera Times

अमृतसर में थार के अंदर मिली युवक की लाश, मोबाइल और शराब की बोतल बरामद

Dead Body Found in Thar

Dead Body Found in Thar

पंजाब डेस्क: अमृतसर में आज सुबह एक संदिग्ध थार गाड़ी के अंदर युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। बता दें कि काले रंग की यह गाड़ी नारायणगढ़ इलाके में सड़क किनारे खड़ी थी। स्थानीय लोगों को जब काफी देर तक वाहन एक ही जगह खड़ा दिखाई दिया तो उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी।

सीट बेल्ट लगी हालत में मिला व्यक्ति

पुलिस के मुताबिक, थार के शीशे बंद थे और अंदर ड्राइविंग सीट पर बैठे व्यक्ति ने सीट बेल्ट लगा रखी थी। गाड़ी अनलॉक थी। घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी जांच की और जरूरी सबूत जुटाए।

पुलिस ने गाड़ी से एक मोबाइल फोन और शराब की एक खुली बोतल भी बरामद की है। मोबाइल बंद अवस्था में मिला, जबकि शराब की बोतल की सील टूटी हुई थी। दोनों चीजों को जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।

मृतक की पहचान 35 वर्षीय प्रभबीर सिंह के रूप में हुई

पुलिस जांच में गाड़ी के नंबर के आधार पर मृतक की पहचान की गई। मृतक की पहचान अमृतसर के राजासांसी क्षेत्र के गांव झंजोटी निवासी 35 वर्षीय प्रभबीर सिंह के रूप में हुई है। उसके पिता का नाम भूपिंदर सिंह बताया गया है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार को सूचित किया गया। पुलिस के अनुसार, परिवार ने फिलहाल किसी तरह की कार्रवाई की मांग नहीं की है और पोस्टमॉर्टम के बाद शव लेने की बात कही है।

ये भी पढ़ें…

कंट्रोल रूम से मिली थी संदिग्ध गाड़ी की सूचना

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आज सुबह करीब 11 बजे कंट्रोल रूम में सूचना मिली थी कि नारायणगढ़ इलाके में एक थार काफी समय से खड़ी है और उसमें कोई व्यक्ति संदिग्ध हालत में दिखाई दे रहा है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां लोगों की भीड़ जमा थी। जांच के दौरान गाड़ी से शव बरामद हुआ। युवक की मौत के स्पष्ट कारण सामने नहीं आए हैं। पुलिस द्वारा शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version