Site icon Dainik Savera Times

Chandigarh News: युवक की किडनैपिंग के बाद बेरहमी से हत्या, दो महीने बाद थी शादी

Chandigarh kidnaping and murder Case

Chandigarh kidnaping and murder Case

पंजाब डेस्क: चंडीगढ़ में पुरानी रंजिश ने एक युवक की जान ले ली। बता दें कि तीन-चार युवकों ने मिलकर पहले युवक का अपहरण किया, पहले रास्ते में उसकी पिटाई की और फिर लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी। यह सनसनीखेज मामला हल्लोमाजरा, जीरकपुर और डेराबस्सी से जुड़ा हुआ है।

मृतक की पहचान सेक्टर-20 निवासी सुशील उर्फ साहिल के रूप में हुई है। शुक्रवार दोपहर उसका शव डेराबस्सी सिविल अस्पताल की मॉर्चरी में लावारिस हालत में मिला, जिसके बाद पुलिस ने शव को सेक्टर-32 स्थित GMCH की मॉर्चरी में भिजवाया। शनिवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

जबरन बाइक पर बैठाकर किया किडनैप

इस मामले में सेक्टर-31 थाना पुलिस ने पहले किडनैपिंग का केस दर्ज किया था, जिसे बाद में हत्या की धाराओं में बदल दिया गया। केस मृतक के रिश्तेदार विजय कुमार के बयान पर दर्ज हुआ है, जो हल्लोमाजरा के दीप कॉम्प्लेक्स में रहता है और रैपिडो बाइक कैब चालक है।

विजय ने पुलिस को बताया कि 5 फरवरी को वह सुशील के साथ निजी काम से अंबाला और पिहोवा गया था। शाम को दोनों हल्लोमाजरा लौटे। करीब 4:30 बजे सुशील ने विजय को रविदास मंदिर के पास छोड़ा और आगे बढ़ गया। इसी दौरान वहां तीन-चार युवक पहुंचे और सुशील के साथ मारपीट शुरू कर दी। जब विजय ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो आरोपियों ने सुशील को जबरन बाइक पर बैठाया और मौके से फरार हो गए।

जन्मदिन की पार्टी से शुरू हुई थी दुश्मनी

परिजनों के अनुसार, नवंबर 2025 में ज़ीरकपुर की प्रीत कॉलोनी में अनिल के भाई का जन्मदिन मनाया जा रहा था। पार्टी के दौरान शराब के नशे में कुछ युवकों ने सुशील से उसकी नई कार चलाने की ज़िद की। विवाद बढ़ने पर सुशील वहां से जाने लगा, तभी जन्मदिन मना रहा युवक अचानक कार के सामने आ गया और हादसे में उसकी मौत हो गई।

इस घटना के बाद से अनिल और उसके साथी सुशील से रंजिश रखने लगे थे। ज़ीरकपुर थाने में सुशील के खिलाफ BNS की धाराओं के तहत मामला भी दर्ज हुआ था। पुलिस की कार्रवाई से पहले ही आरोपियों ने बदला लेने की योजना बना ली और उसे किडनैप कर हत्या कर दी।

ये भी पढ़ें: पंजाब में नए DC रेट लागू, इन कर्मचारियों को मिलेगी बढ़ी हुई सैलरी

दो महीने बाद होनी थी शादी

सुशील की सगाई हो चुकी थी और करीब दो महीने बाद उसकी शादी तय थी। हत्या की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। उसके माता-पिता और बहन की पहले ही मौत हो चुकी थी। वह सेक्टर-20 में सरकारी आवास में अपने भाई और भाभी के साथ रहता था और टैक्सी चलाकर परिवार का खर्च चलाता था। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और ज़ीरकपुर समेत आसपास के इलाकों में जांच की जा रही है।

Exit mobile version