Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

Jalandhar News: अमन नगर में गाड़ी पार्क करने को लेकर युवक को मारी गोली

December 14, 2025

Jalandhar News: अमन नगर में गाड़ी पार्क करने को लेकर युवक को मारी गोली

जालंधर: शनिवार देर शाम बस्तियात के अमन नगर में ससुराल घर आए युवक का पड़ोसी युवक के साथ कार पार्क करने को लेकर विवाद हो गया। बहसबाजी के बाद प्रिंस नामक आरोपी ने पांच फायर कर दिए जिससे मीत नामक युवक को गोली लग गई। उसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची थाना भार्गव कैंप की पुलिस जांच में जुट गई है। उधर वारदात के बाद आरोपी प्रिंस अपने घर से फरार हो गया है जिसकी तलाश में पुलिस छापामारी कर रही हैं।

जानकारी के अनुसार मीत निवासी बस्ती बावाखेल अपनी थार गाड़ी में सवार होकर पत्नी के साथ ससुराल घर आया हुआ था। इस दौरान उसने गाड़ी पार्क कर दी जिससे गली में आने-जाने वाले लोगों को काफी दिक्कत होने लगी। वहीं गली में रहते प्रिंस ने मीत को गाड़ी गली से बाहर पार्क करने को कहा तो दोनों पक्षों के बीच बहसबाजी हो गई। हालांकि स्थानीय लोगों के अनुसार मीत के पारिवारिक सदस्य गाड़ी से उतर रहे थे जिसको लेकर उसने प्रिंस को कहा कि परिवार को पहले गाड़ी से उतार लूं फिर गाड़ी पार्क में कर लेता हूं, इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में जमकर तीखी नोकझोंक हो गई।

देखते ही देखते प्रिंस इतनी तैश में आ गया कि उसने तेजधार हथियार निकालते हुए थार पर प्रहार शुरू कर दिए, जिसको लेकर मीत ने उसका विरोध किया तो प्रिंस ने रिवॉल्वर निकाल लिया और कथित तौर पर पांच फायर किए जिनमें से एक गोली मीत को लगी और वह खून से लथपथ हालत में जमीन पर गिर गया और मौके से आरोपी प्रिंस फरार हो गया। खून से लथपथ हालत में मीत को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। सूचना मिलते ही एडीसीपी सिटी-टू परमजीत सिंह, सीआईए प्रभारी इंस्पैक्टर सुरिंदर कंबोज, थाना भार्गव कैंप के प्रभारी इंस्पैक्टर मोहन सिंह, थाना बस्ती बावाखेल प्रभारी सब इंस्पैक्टर जय इंद्र सिंह तथा थाना पांच के प्रभारी इंस्पैक्टर यादविंदर सिंह राणा सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच में जुट गए। वहीं देर रात कमिश्नरेट पुलिस पीड़ित परिवार के बयान कलमबद्ध करने में जुटी हुई थी।

इस संबंध में थाना भार्गव कैंप के प्रभारी इंस्पैक्टर मोहन सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि अभी क्लीयर नहीं है कि युवक को गोली लगी है या फिर किसी अन्य वजह से चोट लगी है क्योंकि उन्हें मौका-ए-वारदात से न तो कोई खोल मिला है और न ही कोई गोली चलने की पुष्टि ही हो रही है। डॉक्टरों की रिपोर्ट का इंतजार पुलिस कर रही है तो वहीं क्षेत्र में लगे सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं। इसके अलावा आरोपी प्रिंस को दबोचने के लिए पुलिस टीमें छापामारी करने में जुटी हुई हैं। वहीं क्षेत्र निवासियों की मानें तो आरोपी प्रिंस ने पांच राऊंड फायर किए हैं जिनमें से एक गोली मीत को लगी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें