मोगा: पंजाब में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोगा पुलिस ने एक युवक को 100 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। थाना मेहना पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नशीले पदार्थ के अलावा एक पारदर्शी मोमी लिफाफा भी बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सहायक थानेदार हरविंदर सिंह पुलिस पार्टी के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान जब टीम बोहना रोड पर पहुंची तो एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घूमता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 100 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरमन सिंह उर्फ नाटा पुत्र मेजर सिंह निवासी गांव मलियां वाला, हाल निवासी गांव तलवंडी भंगेरियां, जिला मोगा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना मेहना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 61 और 85 के तहत मुकदमा नंबर 22 दर्ज किया है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह हेरोइन कहां से लेकर आया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। साथ ही इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

