पंजाब डेस्क: जालंधर शहर के एक सार्वजनिक पार्क में पुलिस ने नशे की तस्करी करते एक युवक को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से लगभग 20 से 25 नशीली गोलियां बरामद की गई हैं। पुलिस अब मामले के पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
पार्क में नशे का गढ़
जानकारी के अनुसार, जालंधर वेस्ट के 120 फुटी रोड स्थित इस पार्क में नशे की गतिविधियों की सूचना पुलिस को मिली थी। डिवीजन नंबर 5 की पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर छापेमारी की। टीम ने युवक को पकड़कर तलाशी ली तो उसके पास से कई नशीली गोलियां मिलीं।
पुलिस का कहना है कि युवक पार्क का उपयोग नशीले पदार्थों की सप्लाई या सेवन के लिए कर रहा था। स्थानीय लोगों ने बताया कि रात के समय यह क्षेत्र सुनसान हो जाता है, जिससे नशेड़ी इसका लाभ उठाते हैं। पार्क की स्थिति इतनी बिगड़ चुकी है कि आम लोग यहां बैठना या घूमना भी मुश्किल समझते हैं।
ये भी पढ़ें:
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस प्रशासन ने कहा है कि वे यह पता लगाने में जुटे हैं कि युवक नशीली गोलियां कहां से ला रहा था और क्या इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशे के सौदागरों को किसी भी हालत में नहीं बख्शा जाएगा। इलाके में गश्त बढ़ाई जा रही है और ऐसे सार्वजनिक स्थानों पर नजर रखी जा रही है जहां नशे की गतिविधियों की संभावना अधिक होती है।
मामले में पुलिस ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी पृष्ठभूमि और पिछले रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी है।

