तरनतारन : तरनतारन के बस स्टैंड के पास रविवार को दिन-दिहाड़े एक युवक की गला रेतकर हत्या करने का मामला सामने आया है। इस सनसनीखेज घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान जगजीत सिंह (20) पुत्र तरसेम सिंह निवासी गांव कद गिल, जिला तरनतारन के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, जगजीत DJ का काम करता था। एक महीने पहले खबर मिली थी कि जगजीत सिंह गांव नारंगाबाद की एक लड़की को उसके घर से अगवा कर ले गया है। दोनों करीब एक महीने से साथ रह रहे थे। बताया जा रहा है कि रविवार को लड़की की मां दोनों से मिलने आई थी।
मिलने के बाद जगजीत सिंह लड़की की मां को मोटरसाइकिल पर बस स्टैंड छोड़ने आ रहा था। जब वह तरनतारन बस स्टैंड के पास पहुंचा तो हमलावरों ने पहले से तय प्लान के मुताबिक उस पर हमला कर दिया। बीच सड़क पर चाकू और कुल्हाड़ी से उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक के परिवार वालों ने आरोप लगाया है कि जगजीत की हत्या लड़की के भाइयों ने की है। घटना की सूचना मिलने पर तरनतारन सिटी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और एक संदिग्ध को पकड़ लिया है।

