Last Updated: September 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

पंजाब में ‘यूथ रन पंजाब-2026’ का हुआ आयोजन, बठिंडा में 20 हजार लोगों ने लिया हिस्सा

September 29, 2026

पंजाब में ‘यूथ रन पंजाब-2026’ का हुआ आयोजन, बठिंडा में 20 हजार लोगों ने लिया हिस्सा

पंजाब में नशे के खिलाफ जागरूकता और खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बठिंडा में ‘यूथ रन पंजाब-2026’ का आयोजन किया गया। आयोजकों के अनुसार, इस रन में करीब 20,000 युवाओं और खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। बड़ी संख्या में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की भागीदारी भी देखने को मिली। आयोजन के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने और खेल व फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम को राज्य सरकार की ‘युद्ध नशेआं विरुद्ध’ मुहिम से भी जोड़ा गया।

बठिंडा की सड़कों पर दिखा खेलों का जुनून

यूथ रन में अलग-अलग आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। आयोजकों के मुताबिक, लोगों की भागीदारी ने खेल और फिटनेस को लेकर पंजाब में मौजूद रुचि को सामने रखा। कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागियों को टी-शर्ट और पार्टिसिपेशन मेडल दिए गए, जबकि विभिन्न श्रेणियों में विजेताओं को 11,000 रुपये तक की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

‘नशे के बजाय खेल’ का दिया संदेश

आयोजन का प्रमुख उद्देश्य युवाओं के बीच नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता बढ़ाना और उन्हें खेल गतिविधियों से जोड़ना रहा। कार्यक्रम में भाग लेने वाले लोगों ने फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने का संदेश दिया। इस दौरान ‘चढ़ता पंजाब, खेलता पंजाब और भागता पंजाब’ जैसे संदेशों के जरिए पंजाब की सकारात्मक और खेल-केंद्रित तस्वीर पेश करने पर जोर दिया गया।

राजबीर सिंह घुम्मण ने की प्रतिभागियों की सराहना

कार्यक्रम में राजबीर सिंह घुम्मण ने बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी को पंजाब के खेल और फिटनेस के प्रति उत्साह से जोड़ते हुए कहा कि रन में अलग-अलग उम्र और वर्ग के लोगों ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया।उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों का खुद रजिस्ट्रेशन कराकर कार्यक्रम में पहुंचना इस बात का संकेत है कि लोग खेल, फिटनेस और नशामुक्त भविष्य से जुड़े अभियानों में भागीदारी कर रहे हैं।

पटियाला और लुधियाना में भी मैराथन

बठिंडा में मिले रिस्पॉन्स के बाद आयोजकों ने आने वाले समय में पंजाब के अन्य शहरों में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही है। राजबीर सिंह घुम्मण ने बताया कि पटियाला और लुधियाना में होने वाले आगामी मैराथन के लिए बठिंडा की भागीदारी को एक नया मानक माना जा रहा है। उन्होंने लोगों से इन आयोजनों में शामिल होने और युवाओं को खेल एवं फिटनेस की ओर प्रेरित करने की अपील की।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें