Site icon Dainik Savera Times

नशे के खिलाफ एकजुट हुए युवा, लिया नशा मुक्त समाज का संकल्प

Youth Unite Against Drug Abuse : अमृतसर। युवाओं को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से माई भारत अमृतसर की ओर से ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत–संकल्प अभियान’ की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में युवाओं ने नशे के खिलाफ एकजुट होकर शपथ ली और जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।

समारोह के दौरान श्री प्रणव चावला, जिला युवा अधिकारी, अमृतसर (माई भारत, युवा मामले एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार), श्री मृत्युंजय राय, वरिष्ठ फैकल्टी एवं विभिन्न संस्थाओं के रिसोर्स पर्सन, तथा सुश्री पारुल प्रशार, राष्ट्रीय युवा आइकन, माई भारत द्वारा युवाओं को संबोधित किया। समारोह के दौरान युवाओं को नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न डॉक्यूमेंट्री एवं जागरूकता प्रस्तुतियां दिखाई गईं। इसके उपरांत युवाओं के लिए एक विशेष विचार-विमर्श सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने जमीनी स्तर पर नशे से जुड़ी चुनौतियों, उनके संभावित समाधान तथा इस समस्या से निपटने में युवाओं की भूमिका पर विचार साझा किए। समारोह का मुख्य आकर्षण ‘नशा मुक्त युवा संकल्प चक्र’ रहा। प्रतिभागियों ने एक-दूसरे के हाथ पकड़कर गोलाकार चक्र बनाया और नशे के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने का संकल्प लिया। उन्होंने यह भी प्रण किया कि नशे को इस एकता के घेरे में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों द्वारा ‘नशा मुक्त युवा शपथ’ भी ली गई। युवाओं ने स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवारजनों, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी नशे के सेवन से बचाने तथा उन्हें जागरूक करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर युवाओं को विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) क्विज में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया गया। बताया गया कि यह क्विज VBYLD की राष्ट्रीय स्तर की प्रक्रिया में प्रवेश का पहला चरण है, जिसका अंतिम चरण नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित किया जाता है। इस राष्ट्रीय पहल के तहत पूरे भारत से चयनित 3000 फाइनलिस्ट युवा प्रतिनिधियों को राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ विचार-विमर्श करने तथा सार्वजनिक नीतियों एवं शासन व्यवस्था से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा करने का अवसर मिलेगा। प्रतिभागियों को VBYLD क्विज के लिए पंजीकरण की पूरी प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। कई युवाओं ने मौके पर ही क्विज में भाग लेकर इस राष्ट्रीय पहल के साथ अपनी भागीदारी दर्ज करवाई।

युवाओं को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत – संकल्प अभियान’ में अधिक से अधिक भाग लेने तथा नि:शुल्क राष्ट्रीय स्तर के VBYLD क्विज के लिए पंजीकरण करवाने का आह्वान करते हुए श्री प्रणव चावला, जिला युवा अधिकारी, अमृतसर ने बताया कि आने वाले दिनों में जिले के विभिन्न कॉलेजों, स्कूलों, कोचिंग सेंटरों एवं ITIs में इसी प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से नशा मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में जन-जागरूकता अभियान को और मजबूत किया जा सकता है तथा युवा इस अभियान के सबसे महत्वपूर्ण भागीदार हैं। समारोह के अंत में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने शपथ/हस्ताक्षर दीवार पर अपने हस्ताक्षर करते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प दोहराया।

Exit mobile version