चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार ने आइडिया से इनोवेशन और इनोवेशन से समाधान की अवधारणा को साकार करने और अकादमिक शोध, नवाचार और प्रशासनिक जरूरतों के बीच प्रभावी सेतु स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। इसके तहत हरियाणा नेटवर्क फॉर एकेडमिक विजन, अपलाइड क्रिएटिविटी एवं हॉलिस्टिक एडमिनिस्ट्रेटिव रिसर्च (नवाचार) योजना तैयार की गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आयोजित हरियाणा स्टेट इनोवेशन सोसाइटी की पहली जनरल बॉडी बैठक में योजना पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया और इसे सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान की गई। बैठक में एजेंडे के विभिन्न बिंदुओं पर क्रमवार चर्चा करते हुए आवश्यक निर्णय लिए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना के तहत शोध परियोजनाओं को लैब से फील्ड और फील्ड से नीति की अवधारणा के अनुरूप आगे बढ़ाया जाएगा। इसका उद्देश्य विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों में विकसित ज्ञान, तकनीक और नवाचार को वास्तविक परिस्थितियों में परखना और सफल परिणामों को सरकारी विभागों और आमजन के हित में उपयोगी बनाना है। नवाचार योजना के तहत शोध परियोजनाओं को राज्य के दीर्घकालिक विकास लक्ष्यों और प्राथमिकताओं के अनुरूप प्रोत्साहित किया जाएगा।
इनमें विकसित हरियाणा 2047, सतत विकास लक्ष्य, डिजिटल गवर्नेंस, हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग, टिकाऊ कृषि, शहरी प्रबंधन और सामाजिक-आर्थिक समावेशन जैसे प्रमुख विषय शामिल होंगे। इसके साथ ही सरकार की आवश्यकताओं के अनुरूप नए एवं उभरते विषयों पर भी शोध परियोजनाएं ली जा सकेंगी ताकि बदलती प्रशासनिक, तकनीकी और सामाजिक आवश्यकताओं के अनुरूप विशेषज्ञ ज्ञान एवं नवीन समाधान उपलब्ध हो सकें।

