Site icon Dainik Savera Times

Yudh Nasheya Virudh: पंजाब पुलिस ने 33वें दिन 59 ड्रग तस्करों को किया गिरफ्तार; 1.6 kg हेरोइन और 5.53 लाख ड्रग मनी बरामद

चंडीगढ़: पंजाब में नशे की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर शुरू की गई मुहिम ‘युद्ध नाशियां विरुद्ध’ के 33वें दिन बुधवार को पंजाब पुलिस ने 59 नशा तस्करों को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से 1.6 किलो हेरोइन और 5.53 लाख रुपए की ड्रग मनी बरामद की। इसके साथ ही, 33 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 4765 तक पहुंच गई है।

यह अभियान पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव के निर्देश पर राज्य के सभी 28 पुलिस जिलों में एक साथ चलाया गया। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिस आयुक्तों, उपायुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए कहा है। पंजाब सरकार ने नशे के खिलाफ लड़ाई की निगरानी के लिए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय कैबिनेट उप समिति का गठन भी किया है।

विशेष डीजीपी कानून एवं व्यवस्था अर्पित शुक्ला ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 91 राजपत्रित अधिकारियों की निगरानी में 1400 से अधिक पुलिस कर्मियों वाली 200 से अधिक पुलिस टीमों ने राज्य भर में 497 स्थानों पर छापे मारे हैं, जिसके परिणामस्वरूप राज्य भर में 36 प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज की गई हैं।

उन्होंने बताया कि पुलिस टीमों ने दिनभर चले अभियान के दौरान 546 संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की।

विशेष डीजीपी ने कहा कि राज्य सरकार ने राज्य से नशीले पदार्थों के उन्मूलन के लिए तीन-आयामी रणनीति – प्रवर्तन, नशामुक्ति और रोकथाम (ईडीपी) को लागू किया है, पंजाब पुलिस ने ‘नशामुक्ति’ के हिस्से के रूप में चार व्यक्तियों को नशामुक्ति और पुनर्वास उपचार के लिए राजी किया है।

ये भी पढ़ें- ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर भारत का बड़ा कदम, 2047 तक 100 गीगावाट परमाणु क्षमता का लक्ष्य: रिपोर्ट

Exit mobile version