Site icon Dainik Savera Times

Yudh Nashian Virudh: पंजाब पुलिस ने 35वें दिन 469 छापों के बाद 46 ड्रग तस्करों को किया गिरफ्तार

चंडीगढ़: पंजाब से नशे की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर चलाए जा रहे नशे के विरुद्ध युद्ध ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ को लगातार 35वें दिन जारी रखते हुए पंजाब पुलिस ने शुक्रवार को 469 स्थानों पर छापेमारी की और राज्य भर में 30 एफआईआर दर्ज करके 46 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही, 35 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 4874 तक पहुंच गई है।

पुलिस टीमों ने गिरफ्तार नशा तस्करों के कब्जे से 643 ग्राम हेरोइन, 450 ग्राम अफीम, 4318 नशीली गोलियां और 5760 रुपये ड्रग मनी भी बरामद की है। यह अभियान पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव के निर्देशों पर राज्य के सभी 28 पुलिस जिलों में एक साथ चलाया गया।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिस आयुक्तों, उपायुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए कहा है। पंजाब सरकार ने नशे के खिलाफ लड़ाई की निगरानी के लिए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय कैबिनेट उप समिति का गठन भी किया है।

विशेष डीजीपी कानून एवं व्यवस्था अर्पित शुक्ला ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 83 राजपत्रित अधिकारियों की निगरानी में 1300 से अधिक पुलिसकर्मियों वाली 200 से अधिक पुलिस टीमों ने पूरे राज्य में छापेमारी की और दिन भर चले अभियान के दौरान 497 संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की।

उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस ने एक व्यापक रणनीति तैयार की है और राज्य से नशे की समस्या के उन्मूलन तक इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।

इस बीच, पुलिस टीमों ने बठिंडा, मानसा, बरनाला, पटियाला, संगरूर और एसएएस नगर सहित छह जिलों में 315 दवा दुकानों पर जांच की है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे नशीली गोलियां या कोई अन्य आदत बनाने वाली दवा नहीं बेच रहे हैं और दवाओं की बिक्री के संबंध में निर्धारित मानदंडों और नियमों का पालन कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें: दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप… सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी

Exit mobile version