
चंडीगढ़: पंजाब से नशे की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर चलाए गए नशे के विरुद्ध युद्ध ‘युद्ध नशिया विरुद्ध’ को लगातार 37वें दिन जारी रखते हुए पंजाब पुलिस ने रविवार को 337 स्थानों पर छापेमारी की और राज्य भर में 37 एफआईआर दर्ज करके 54 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया।
इसके साथ ही मात्र 37 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 5169 तक पहुंच गई है। पुलिस टीमों ने गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों के कब्जे से 411 ग्राम हेरोइन, 1617 नशीली गोलियां और 34400 रुपये ड्रग मनी भी बरामद की है।
यह अभियान पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव के निर्देश पर राज्य के सभी 28 पुलिस जिलों में एक साथ चलाया गया। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिस आयुक्तों, उपायुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए कहा है। पंजाब सरकार ने नशों के खिलाफ लड़ाई की निगरानी के लिए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय कैबिनेट उप समिति का गठन भी किया है।
विशेष डीजीपी कानून एवं व्यवस्था अर्पित शुक्ला ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 66 राजपत्रित अधिकारियों की निगरानी में 900 से अधिक पुलिस कर्मियों वाली 150 से अधिक पुलिस टीमों ने पूरे राज्य में छापे मारे तथा दिन भर चले अभियान के दौरान 364 संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की।
इस बीच, पंजाब पुलिस ने एक व्यापक रणनीति तैयार की है और इस तरह के अभियान तब तक जारी रहेंगे जब तक राज्य से नशे की समस्या का उन्मूलन नहीं हो जाता।
ये भी पढ़ें- हेल्थ टिप्स: बदलते मौसम में बढ़ा संक्रमण का खतरा, अपनाएं आसान बचाव उपाय