पंजाब डेस्क: मोहाली जिले के जीरकपुर में एक भव्य शादी समारोह में अचानक अफरा-तफरी मच गई। बता दें कि पटाखों की चिंगारी से ऑरा गार्डन पैलेस में भीषण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग इतनी तेज़ी से फैली कि महल के सजावटी सामान, साउंड सिस्टम और अन्य कीमती चीज़ें उसकी चपेट में आ गईं। तेज़ धमाके और ऊंची लपटें देखकर मेहमानों में चीख-पुकार मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
आग पर काबू पाने में लगी डेढ़ घंटे की मशक्कत
घटना की सूचना मिलते ही जीरकपुर, मोहाली, पंचकूला, चंडीगढ़, डेराबस्सी और राजपुरा से कुल 11 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। सौभाग्य से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: Punjab Weather Update: पंजाब में तापमान में गिरावट के साथ बढ़ा प्रदूषण, AQI 400 पार
यातायात रहा बाधित
घटना के दौरान जीरकपुर-पंचकूला रोड की सर्विस लेन को सुरक्षा कारणों से करीब सवा घंटे तक बंद रखा गया। इससे ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल रहा।