Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

फिल्म में काम दिलाने का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म, मामला दर्ज

February 23, 2025

फिल्म में काम दिलाने का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म, मामला दर्ज

ठाणे : Maharashtra के ठाणे में फिल्म उद्योग में काम दिलाने का झांसा देकर 34 वर्षीय महिला से कई बार बलात्कार करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य महिला, उसके पति और उसकी बेटी को भी पीड़िता को धमकाने और ब्लैकमेल करने के आरोप में इस मामले में आरोपी बनाया गया है।

पीड़िता अनुसूचित जाति से संबंधित है और ठाणे शहर के माझीवाडा क्षेत्र की निवासी है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। कपूरबावड़ी पुलिस थाना के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी महिला की पीड़िता से करीब तीन साल पहले मुलाकात हुई थी। उसने फिल्म उद्योग के ऊंचे पदों पर बैठे लोगों से संपर्क होने का दावा किया था। इस महिला ने पीड़िता को बड़ी अभिनेत्री बनाने का वादा किया और उसे सिंगापुर ले गई जहां उसने पीड़िता को एक व्यक्ति से मिलवाया।

घर बुलाकर पेय पदार्थ पिलाया

एक अधिकारी ने कहा कि इसके बाद उस व्यक्ति ने पीड़िता को सिंगापुर स्थित अपने घर बुलाकर उसे एक पेय पदार्थ पिलाया और वहां उससे कथित तौर पर दुष्कर्म किया। मुंबई और अन्य स्थानों के होटलों में भी उसने उसके साथ कथित तौर पर कई बार दुष्कर्म किया। उन्होंने बताया कि आरोपी महिला ने पीड़िता का उस व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक स्थितियों में वीडियो बनाया और उसे ब्लैकमेल करने लगी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला, उसका पति और उसकी बेटी पीड़िता को बार-बार कॉल कर धमकाने लगे और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने पीड़िता को जातिसूचक शब्द भी कहे। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, आपराधिक धमकी और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इसके अलावा, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें