Site icon Dainik Savera Times

Bihar : विदेशी पर्यटक भी खींचे चले आ रहे ऐतिहासिक सोनपुर मेला

सोनपुर मेला

सोनपुर मेला

हाजीपुर : बिहार में लगने वाला विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेला देशी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र तो बना ही है विदेशी पर्यटक भी यहां खींचे चले आ रहे हैं। अपने गौरवशाली अतीत को संजोए हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले में पर्यटन विभाग भी विदेशी सैलानियों को आकर्षित करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहा है।
प्रत्येक वर्ष कार्तिक पूर्णिमा से प्रारंभ होने वाले इस मेले का उद्घाटन इस वर्ष 13 नवंबर को उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया था। अब तक 22 से अधिक विदेशी पर्यटक इस मेले में पहुंचे हैं। ये वे विदेशी सैलानी हैं जो ठहरने के लिए मेला परिसर में बनाए गए आधुनिक सुख-सुविधा वाले ग्रामीण परिवेश में लगने वाले स्विस कॉटेजों में ठहरे हैं।

पर्यटन विभाग ने पटना से आने-जाने वाले पर्यटकों के लिए लक्जरी बसों का प्रबंध
बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के एक अधिकारी ने बताया कि एक महीने तक चलने वाले इस मेले में अब तक फ्रांस के 10 और नेपाल के चार पर्यटक शामिल हैं। इसके अलावा इटली से एक दल भी सोनपुर मेले का लुत्फ उठा चुका है, जिसमें आठ लोग शामिल थे।
उन्होंने दावा किया कि कई विदेशी सैलानी पटना और हाजीपुर के विभिन्न होटलों में रहकर मेला का आनंद उठाने यहां पहुंच रहे हैं। पर्यटन विभाग ने पटना से आने-जाने वाले पर्यटकों के लिए लक्जरी बसों का प्रबंध कर रखा है। ग्रामीण परिवेश में तैयार किए गए इन कॉटेजों में आधुनिक सभी सुख-सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। विदेशी सैलानियों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं हो इसके लिए रेस्टोरेंट और पार्कगिं की भी सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

महाराष्ट्र, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा के सबसे अधिक पर्यटक हैं शामिल
उन्होंने बताया कि स्विस कॉटेज में देश के विभिन्न राज्यों के 145 पर्यटक भी रहकर मेले का आनंद ले चुके हैं। इनमे महाराष्ट्र, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा के सबसे अधिक पर्यटक शामिल हैं। एक महीने तक चलने वाले इस मेले में आए विदेशी सैलानी भी मेले के बाजारों और अन्य खेलों को देखकर अभिभूत हैं।
फ्रांस से आए एक पर्यटक ने कहा, ‘मैंने सोनपुर मेले के बारे में बहुत सुन रखा है। मैंने यहां मौत का कुआं और विभिन्न झूलों का आनन्द लिया।‘ इस मेले में पशुओं का आकर्षण अब भी लोगों के दिल में छाया हुआ है।

Exit mobile version