Site icon Dainik Savera Times

मोंटे कार्लो मास्टर्स से बाहर हुए सितसिपास और मेदवेदेव

मोंटे कार्लो: दूसरी सीड स्टेफनोस सितसिपास और तीसरी सीड दानिल मेदवेदेव मोंटे कार्लो मास्टर्स के क्वार्टरफाइनल में उलटफेर का शिकार होकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए। टूर्नामेंट में सभी चार टॉप सीड सत्र के पहले क्ले कोर्ट टूर्नामेंट के अंतिम चार में पहुँच पाने में विफल रहे। शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार विश्व के नंबर एक नोवाक जोकोविच और चौथी सीड कैस्पर रूड इससे पहले गुरूवार को राउंड 16 में बाहर हो गए थे। दो बार के गत चैंपियन यूनान के सितसिपास को टेलर फ्रिट्ज के साथ मुकाबले में 18 गलतियां भारी पड़ीं और अमेरिका के फ्रिट्ज ने यूनानी खिलाड़ी का 12 मैचों का विजय क्रम रोककर 70 मिनट में 6-2, 6-4 से जीत हासिल की।

फ्रिट्ज की सितसिपास के खिलाफ यह पहली जीत है। इससे पहले उन्होंने सितसिपास से पिछले सभी तीन मुकाबले हारे थे। फ्रिट्ज का सेमीफाइनल में रूस के आन्द्रेई रुब्लेव से मुकाबला होगा। पांचवीं सीड रुब्लेव ने जर्मनी के क्वालीफायर जान लेनार्ड स्ट्रफ को 6-1, 7-6(5) से हराकर अंतिम चार में जगह बनायी। दूसरा सेमीफाइनल डेनमार्क के होल्गर रुने और इटली के जानिक सिनर के बीच होगा। रुने ने इन फॉर्म मेदवेदेव को 6-3, 6-4 से हराकर अपने दूसरे मास्टर्स सेमीफाइनल में जगह बनायी। सातवीं सीड सिनर ने हमवतन लोरेंजो मुसेटी को 6-2, 6-2 से हराकर इस सत्र में अपने तीसरे मास्टर्स सेमीफाइनल में जगह बनायी।

Exit mobile version