नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में एक क्रिकेट समर कैंप के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय खिलाड़ी आरव उर्फ विरेन चौधरी की मौत हो गई। इस घटना के बाद पुलिस ने दो कोचों और संबंधित क्रिकेट संघों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा 30 मई की सुबह बारशी शहर में आयोजित क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर में हुआ। अभ्यास शुरू होने से पहले क्रिकेट पिच को तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान कुछ बच्चों को एक भारी पिच रोलर खींचने का काम दिया गया। आरव भी अन्य बच्चों के साथ रोलर खींच रहा था।
रोलर खींचते समय बिगड़ा संतुलन
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रोलर खींचते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया। इस दौरान आरव फिसलकर रोलर के नीचे आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के तुरंत बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। शुरुआती जांच में सामने आया कि जब बच्चे भारी रोलर खींच रहे थे, तब वहां कोई जिम्मेदार वयस्क उनकी निगरानी के लिए मौजूद नहीं था। साथ ही बच्चों की सुरक्षा के लिए जरूरी सावधानियां भी नहीं बरती गई थीं।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस का कहना है कि इतनी कम उम्र के बच्चों से भारी उपकरण खिंचवाना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। इसी आधार पर बारशी शहर पुलिस ने दो कोचों और संबंधित क्रिकेट एसोसिएशनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 के तहत मामला दर्ज किया है, जो गैर-इरादतन हत्या से संबंधित है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि बच्चों को भारी रोलर खींचने की अनुमति किसने दी थी और सुरक्षा नियमों का पालन क्यों नहीं किया गया। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

