ग्लासगो : स्कॉटलैंड की विरासत को दर्शाते संगीत, नृत्य और इंद्रधनुषी रंगों से सजे शानदार समारोह के साथ 23वें राष्ट्रमंडल खेलों का आगाज हो गया। उद्घाटन समारोह में महासागरों को प्लास्टिक मुक्त करने का संदेश भी दिया गया। किंग चार्ल्स तृतीय ने वह संदेश पढ़ा, जिसे उन्होंने पिछले साल मार्च में बकिंघम पैलेस में ‘किंग्स बैटन’ में रखा था। यह संदेश 500 दिनों की वैश्विक मशाल रिले के दौरान राष्ट्रमंडल के 74 सदस्य देशों से होकर गुजरा।
खेलों की शुरुआत की घोषणा करते हुए किंग चार्ल्स ने कहा, ‘मुझे इन खेलों की शुरुआत की घोषणा करते हुए बहुत खुशी हो रही है।’ उन्होंने कहा कि बैटन में महासागरों और जलमार्गों को प्लास्टिक प्रदूषण से मुक्त करने का संदेश भी शामिल था। उद्घाटन समारोह में स्कॉटलैंड की पारंपरिक विरासत को पॉप, रैप और इलैक्ट्रॉनिक संगीत के साथ पेश किया गया। खास बात यह रही कि राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में पहली बार उद्घाटन समारोह विशाल खुले स्टेडियम के बजाय 14,300 दर्शकों की क्षमता वाले इनडोर स्टेडियम में आयोजित हुआ।
सभी 74 देशों के खिलाड़ी कार्यक्रम के अंत में नहीं, बल्कि शुरुआत में ही परेड करते हुए स्टेडियम पहुंचे। भारतीय दल का नेतृत्व ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू और लवलीना बोरगोहेन ने किया। भारतीय पुरुष खिलाड़ी नेवी ब्लू सूट में, जबकि महिला खिलाड़ी साड़ी और ब्लेजर में नजर आईं। जैसे ही 74 बैटन को स्कॉटलैंड की मूल वनस्पतियों से सुसज्जित 200 वर्ग मीटर के उद्यान में स्थापित किया गया, पाइप बैंड ने ‘फ्लावर ऑफ स्कॉटलैंड’ की प्रस्तुति देकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

