स्पोर्ट्स डेस्क: फुटबॉल के सबसे बड़े टूर्नामेंट FIFA World Cup 2026 के लिए अब सभी 48 टीमों की तस्वीर पूरी तरह साफ हो चुकी है। करीब ढाई साल तक चली लंबी क्वालीफाइंग प्रक्रिया के बाद आखिरकार हर टीम का चयन हो गया है। अंतिम स्थान के लिए खेले गए इंटरकॉन्टिनेंटल प्लेऑफ में इराक ने बोलिविया को 2-1 से हराकर वर्ल्ड कप में अपनी जगह पक्की की। यह मुकाबला मैक्सिको के मॉन्टेरी शहर में खेला गया। इससे कुछ ही घंटे पहले यूरोपीय प्लेऑफ में बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जहां बोस्निया हर्जेगोविना ने चार बार की चैंपियन इटली को पेनल्टी शूटआउट में हराकर सभी को चौंका दिया।
क्वालीफाइंग के आखिरी दिन यूरोप की आठ टीमें चार स्थानों के लिए मुकाबला कर रही थीं। वहीं मैक्सिको में हुए इंटरकॉन्टिनेंटल टूर्नामेंट के जरिए बाकी दो टीमों का फैसला हुआ। इसी दौरान कांगो ने जमैका को 1-0 से हराकर वर्ल्ड कप में अपनी जगह बनाई। यूरोप से स्वीडन, तुर्किए और चेक गणराज्य ने भी प्लेऑफ के जरिए क्वालीफाई किया। स्वीडन ने पोलैंड को 3-2 से हराया, तुर्किए ने कोसोवो को 1-0 से हराया और चेक गणराज्य ने डेनमार्क को पेनल्टी शूटआउट में 3-1 से हराया।
बता दें यह वर्ल्ड कप 11 जून 2026 से अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा में खेला जाएगा। खास बात यह है कि पहली बार इस टूर्नामेंट में 48 टीमें हिस्सा लेंगी, जिससे मुकाबला और भी बड़ा और रोमांचक हो जाएगा।
ग्रुप स्टेज की पूरी सूची
ग्रुप A: चेक गणराज्य, मैक्सिको, दक्षिण अफ्रीका, दक्षिण कोरिया
ग्रुप B: कनाडा, बोस्निया हर्जेगोविना, कतर, स्विट्जरलैंड
ग्रुप C: ब्राजील, हैती, मोरक्को, स्कॉटलैंड
ग्रुप D: ऑस्ट्रेलिया, पराग्वे, तुर्किए, अमेरिका
ग्रुप E: कुराकाओ, इक्वाडोर, जर्मनी, आइवरी कोस्ट
ग्रुप F: नीदरलैंड, जापान, स्वीडन, ट्यूनीशिया
ग्रुप G: बेल्जियम, मिस्र, ईरान, न्यूजीलैंड
ग्रुप H: केप वर्डे, सऊदी अरब, स्पेन, उरुग्वे
ग्रुप I: फ्रांस, नॉर्वे, सेनेगल, इराक
ग्रुप J: अल्जीरिया, अर्जेंटीना, ऑस्ट्रिया, जॉर्डन
ग्रुप K: कोलंबिया, जमैका, पुर्तगाल, उज़्बेकिस्तान
ग्रुप L: क्रोएशिया, इंग्लैंड, घाना, पनामा
इस बार का वर्ल्ड कप पहले से ज्यादा बड़ा होने वाला है, जिसमें नई टीमें, नए मुकाबले और कई बड़े उलटफेर देखने को मिल सकते हैं। फुटबॉल फैंस के लिए यह टूर्नामेंट बेहद खास रहने वाला है।