चेन्नई: दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज क्रिकेटर एबी डिविलियर्स ने उम्मीद जताई है कि रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के उनके पूर्व साथी विराट कोहली शुक्रवार से शुरू होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।
पैंतीस वर्षीय कोहली ने लगभग पिछले दो महीने से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेली है। वह अपने दूसरे बच्चे के जन्म के कारण इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में नहीं खेल पाए थे जिसमें भारत ने 4-1 से जीत दर्ज की थी।
डिविलियर्स ने कोहली के आईपीएल करियर को अविश्वसनीय करार दिया। आरसीबी के इस बल्लेबाज में आईपीएल में अभी तक 200 मैच में 7263 रन बनाए हैं।
डिविलियर्स ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा,‘‘दिग्गज किंग कोहली, 7000 से अधिक रन, 200 आईपीएल मैच, यह वास्तव में अविश्वसनीय है।’’ उन्होंने कहा,‘‘विराट वापसी करेगा। हमें उनकी बहुत कमी खली। हम आगामी सत्र में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देखने के लिए बेताब हैं।’’

