Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

अभिषेक शर्मा vs ट्रैविस हेड: 24 टी20 मैचों के बाद कौन रहा ज्यादा प्रभावशाली बल्लेबाज?

October 27, 2025

अभिषेक शर्मा vs ट्रैविस हेड: 24 टी20 मैचों के बाद कौन रहा ज्यादा प्रभावशाली बल्लेबाज?

Abhishek Sharma vs Travis Head: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 29 अक्टूबर से शुरू होने वाली 5 मैचों की टी20 सीरीज से पहले क्रिकेट फैन्स की नजरें दो धमाकेदार बल्लेबाजों अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड पर टिकी हुई हैं। दोनों खिलाड़ी आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेलते हैं और ओपनिंग जोड़ी के रूप में उन्होंने गेंदबाजों को खूब परेशान किया है। अब जब ये दोनों अपने-अपने देशों के लिए टी20 इंटरनेशनल में उतरेंगे, तो जाहिर है कि तुलना होना लाजमी है। आइए जानते हैं 24 टी20 इंटरनेशनल मैचों के बाद कौन रहा ज्यादा प्रभावशाली बल्लेबाज…

भारत के युवा सनसनी अभिषेक शर्मा ने अब तक 24 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया है। 23 पारियों में उन्होंने 36.91 की औसत और 196.07 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से कुल 849 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक और 5 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 135 रन का है, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी शैली को बखूबी दर्शाता है। उन्होंने इन 24 मैचों में 60 छक्के और 78 चौके जड़े हैं, जिससे यह साफ होता है कि वह पावर हिटिंग में कितने माहिर हैं।

वहीं दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलियाई ओपनर ट्रैविस हेड ने भी 24 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 23 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 578 रन बनाए थे। उनका औसत 28.90 और स्ट्राइक रेट 146.70 रहा। हेड ने इस दौरान केवल एक अर्धशतक जड़ा था, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 91 रन रहा। उन्होंने इन 24 मुकाबलों में 55 चौके और 21 छक्के लगाए, जो उनके स्टाइलिश लेकिन थोड़े संयमित अंदाज को दर्शाते हैं।

तुलनात्मक रूप से देखा जाए तो अभिषेक शर्मा ने अपने शुरुआती 24 मैचों में ट्रैविस हेड की तुलना में हर विभाग में बेहतर प्रदर्शन किया है चाहे वह रन बनाने की गति हो, औसत हो या फिर बड़े शॉट्स लगाने की क्षमता। जहां हेड पारी को स्थिरता देने में माहिर हैं, वहीं अभिषेक शुरू से ही गेंदबाजों पर हावी रहने में विश्वास रखते हैं।

अभिषेक का अब तक का प्रदर्शन यह बताता है कि भारत को एक नया टी20 सुपरस्टार मिल गया है, जो किसी भी समय मैच का रुख पलट सकता है। वहीं ट्रैविस हेड, जो ऑस्ट्रेलिया के लिए कई अहम मौकों पर भरोसेमंद साबित हुए हैं, आगामी सीरीज में अपने अनुभव का फायदा उठाना चाहेंगे।

दोनों ही बल्लेबाज टी20 क्रिकेट के परफेक्ट एंटरटेनर हैं एक भारतीय यंग गन जो रफ्तार से चलता है, और दूसरा ऑस्ट्रेलियाई पावर हिटर जो क्लास और टाइमिंग से रन बनाता है। अब देखना यह दिलचस्प होगा कि जब ये दोनों खिलाड़ी एक-दूसरे के खिलाफ मैदान पर उतरेंगे तो कौन अपनी टीम के लिए बड़ा धमाका करेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें