Site icon Dainik Savera Times

अफगानिस्तान ने रचा इतिहास! बांग्लादेश को 200 रनों से हराया, तोड़ा साउथ अफ्रीका का बड़ा रिकॉर्ड

AFG vs BAN 3rd ODI 2025 : अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन से पूरी दुनिया को हैरान कर दिया है। बता दें कि हश्मतुल्लाह शाहिदी की कप्तानी में अफगान टीम ने बांग्लादेश को तीसरे वनडे मुकाबले में 200 रनों से शिकस्त देकर इतिहास रच दिया। वहीं इस जीत के साथ अफगानिस्तान ने न केवल सीरीज को 3-0 से क्लीन स्वीप किया बल्कि अबू धाबी के मैदान पर रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत का नया रिकॉर्ड भी बना डाला।

बता दें कि इससे पहले यह रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के नाम था, जिसने 2024 में आयरलैंड को 174 रनों से हराया था। लेकिन अब अफगानिस्तान ने उस रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है। यह अफगानिस्तान की वनडे क्रिकेट इतिहास में दूसरी सबसे बड़ी जीत भी है।

अबू धाबी में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीतें

अफगानिस्तान – 200 रन बनाम बांग्लादेश (2025)
साउथ अफ्रीका – 174 रन बनाम आयरलैंड (2024)
स्कॉटलैंड – 150 रन बनाम अफगानिस्तान (2015)

मैच का हाल

अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने मुश्किल पिच पर 293 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए इब्राहिम जादरान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 111 गेंदों पर 95 रन बनाए, जबकि मोहम्मद नबी ने अंत में तूफानी पारी खेली। उन्होंने सिर्फ 37 गेंदों में 62 रन ठोके, जिसमें 4 चौके और 5 छक्के शामिल थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम पूरी तरह ढह गई। पूरी टीम केवल 93 रन पर ढेर हो गई और 28वें ओवर में पवेलियन लौट गई। ओपनर सैफ हसन ने 43 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज दोहरे अंक तक नहीं पहुंच सके।

अफगान गेंदबाजों ने मचाई तबाही

अफगानिस्तान की ओर से बिलाल सामी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके, जबकि राशिद खान ने 3 विकेट अपने नाम किए। गेंदबाजों की सटीक लाइन-लेंथ के आगे बांग्लादेश के बल्लेबाज टिक ही नहीं सके।

इब्राहिम जादरान बने हीरो

सीरीज में शानदार प्रदर्शन के लिए इब्राहिम जादरान को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। उन्होंने तीन मैचों में 213 रन बनाए। इस ऐतिहासिक जीत के साथ अफगानिस्तान ने न सिर्फ लगातार पांचवीं ODI सीरीज जीती बल्कि बांग्लादेश से हाल ही में T20I सीरीज में मिली 3-0 की हार का बदला भी ले लिया।

Exit mobile version