खेल डेस्क: भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के अंतरराष्ट्रीय डेब्यू के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बीसीसीआई किसी भी खिलाड़ी के साथ नाइंसाफी नहीं करता और जो खिलाड़ी अवसर का हकदार होता है, उसे सही समय पर टीम में जगह जरूर मिलती है।
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग-11 में मौका नहीं मिलने को लेकर काफी चर्चा हो रही थी। कई लोग टीम मैनेजमेंट, कप्तान और कोच की आलोचना कर रहे थे। अब वैभव के डेब्यू के बाद राजीव शुक्ला ने इन आलोचनाओं का जवाब देते हुए कहा कि टीम मैनेजमेंट ने सही समय पर फैसला लिया।
‘BCCI किसी खिलाड़ी के साथ अन्याय नहीं करता’
समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में राजीव शुक्ला ने कहा, “वैभव सूर्यवंशी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू के लिए बहुत-बहुत बधाई। बीसीसीआई किसी खिलाड़ी के साथ अन्याय नहीं करता। जिस खिलाड़ी में क्षमता होती है, उसे मौका जरूर मिलता है। सोशल मीडिया पर यह कहा जा रहा था कि वैभव को जानबूझकर मौका नहीं दिया जा रहा और कोच व कप्तान की आलोचना की जा रही थी, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं था।”
उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने पहले भी कहा था कि सही समय आने पर वैभव को मौका मिलेगा और अब ऐसा ही हुआ है। शुक्ला ने विश्वास जताया कि वैभव आने वाले समय में भारतीय टीम के लिए शानदार प्रदर्शन करेंगे और अपनी अलग पहचान बनाएंगे। उन्होंने टीम मैनेजमेंट के फैसले की भी तारीफ करते हुए कहा कि खिलाड़ियों को सही समय पर मौका देना ही बेहतर रणनीति होती है।
#WATCH | Delhi | On Vaibhav Sooryavanshi’s India debut, Congress MP Rajiv Shukla says, “Huge congratulations to Vaibhav Suryavanshi on his debut and for receiving this opportunity. The BCCI does not treat anyone unfairly; those who deserve it get their chance. There was a lot of… pic.twitter.com/Xd2MEGie32
— ANI (@ANI) July 5, 2026
वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 15 साल और 99 दिन की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण कर नया इतिहास रच दिया। वह भारत के लिए सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने सचिन तेंदुलकर और शेफाली वर्मा जैसे खिलाड़ियों का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया।
हालांकि, अपने पहले ही मैच में वैभव बड़ी पारी नहीं खेल सके, लेकिन उन्होंने अपनी बेखौफ बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की पहली ही गेंद पर उन्होंने शानदार छक्का जड़ दिया। इसके बाद उन्होंने एक और छक्का लगाया और सिर्फ 10 गेंदों में 14 रन बनाए। उनकी पारी छोटी जरूर रही, लेकिन उन्होंने दिखा दिया कि बड़े मंच पर खेलने का आत्मविश्वास और क्षमता दोनों उनके पास हैं।
यह मुकाबला मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 190 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने जैकब बेथेल की नाबाद 76 रनों की शानदार पारी की बदौलत चार विकेट से जीत हासिल कर ली। पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था, जबकि दूसरे मैच में जीत दर्ज कर इंग्लैंड ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।

