Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

All England Championship: सिंधु पहले चरण में बाहर

March 15, 2023

All England Championship: सिंधु पहले चरण में बाहर

बर्मिंघम: खराब फॉर्म से गुज़र रहीं भारत की शीर्ष शटलर पीवी सिंधु बुधवार को ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप के पहले चरण में चीन की झांग यी मान से सीधे सेटों में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गयीं। दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट सिंधु अपनी चीनी प्रतिद्वंदी को कोई चुनौती नहीं दे सकीं और 39 मिनट के महिला एकल मुकाबले में 17-21 11-21 से हार गयीं। टखने की चोट से उभरकर जनवरी में कोर्ट में लौटने के बाद से सिंधु तीसरी बार पहले चरण में हारी हैं।

साल के पहले टूर्नामेंट मलेशिया ओपन 2023 में उन्हें स्पेन की कैरोलीना मरीन के हाथों पहले चरण में हार मिली थी। घरेलू टूर्नामेंट इंडिया ओपन में सिंधु को थाईलैंड की सुपानिदा केटथॉन्ग ने परास्त किया था। लगातार नाकामियों के बीच सिंधु ने हाल ही में कोच पार्क ताई-सांग से संबंध समाप्त किये थे।

इससे पूर्व, त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद पुलेला की भारतीय महिला युगल जोड़ी ने 46 मिनट के पहले दौर के मैच में थाईलैंड की जोंगकोलफान कितिथाराकुल और राविंदा प्राजोंगजई की सातवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी को 21-18 21-14 से हराया। त्रिशा-गायत्री अब प्री-क्वार्टर फाइनल में युकी फुकुशिमा और सयाका हिरोटा की जापानी जोड़ी का सामना करेंगी। ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप के मंगलवार के पुरुष एकल मुकाबलों में लक्ष्य सेन और एचएस प्रणय ने जीत दर्ज करके प्री-क्वार्टरफाइनल में जगह बनायी थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें