Site icon Dainik Savera Times

Delhi में खेले जाने वाले India vs Australia टेस्ट मैच के बिके सभी टिकट

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच शुक्रवार से यहां शुरू हो रहा बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का दूसरा टेस्ट खचाखच भरे स्टेडियम में खेला जाएगा। दिल्ली दिसंबर 2017 के बाद पहली बार टेस्ट की मेजबानी कर रहा है। भारतीय टीम ने नागपुर में खेले गये पहले टेस्ट मैच को तीन दिनों के अंदर जीतकर चार मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त कायम कर ली है।

डीडीसीए (दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ) के संयुक्त सचिव राजन मनचंदा ने मंगलवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘टिकट बिक चुके हैं और हम मैदान के खचाखच भरे रहने की उम्मीद कर रहे हैं। मैच को लेकर काफी दिलचस्पी है क्योंकि दिल्ली में लंबे समय बाद टेस्ट मैच खेला जा रहा है।’’अरुण जेटली स्टेडियम में 40,000 दर्शकों के बैठने की क्षमता है।

इस मैच के लिए 24,000 टिकट बिक्री के लिए रखे गए जबकि 8000 टिकट डीडीसीए सदस्यों के बीच वितरित किए गए, जो कि सामान्य है। शेष सीटों का उपयोग खेल में भाग लेने वाले गणमान्य व्यक्तियों के लिए किया जाएगा। मैच के दौरान सुरक्षा प्रदान करने वाले परिवारों के लिए स्टैंड का एक भाग आरक्षित है।नागपुर में श्रृंखला के पहले मैच के दौरान भी मैदान दर्शकों से भरा हुआ था।

Exit mobile version