Site icon Dainik Savera Times

Anrich Nortje ग्रोइन में दर्द के कारण दूसरे टेस्ट से बाहर

जोहान्सबर्ग : दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज आनरिक नॉर्खिया ग्रोइन में हल्के दर्द के कारण वेस्ट इंडीज के विरुद्ध आठ मार्च से होने वाले दूसरे टेस्ट से बाहर हो गये हैं। क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (सीएसए) ने सोमवार को यह जानकारी दी। एसए ने ट्वीट किया, ‘प्रोटियाज तेज गेंदबाज आनरिक नॉर्खिया को पहले बेटवे टेस्ट के दौरान ग्रोइन में हल्की परेशानी के बाद एहतियात के तौर पर टेस्ट टीम से रिलीज कर दिया गया है।’ सीएसए ने बताया कि नॉर्खिया की जगह टीम में किसी खिलाड़ी को शामिल नहीं किया गया है। तेज गेंदबाजी का मोर्चा संभालने के लिये दक्षिण अफ्रीका के पास कगिसो रबाडा, गेराल्ड कोएत्ज़ी और मार्को जैनसेन के रुप में तीन विकल्प हैं।

सेनुरान मुथुसामी पहले टेस्ट में बतौर बल्लेबाजी हरफनमौला खेले थे। नॉर्खिया के बाहर होने के बाद केशव महाराज या साइमन हैमर में से कोई एक स्पिन गेंदबाज मुथुसामी का साथ देने के लिये एकादश में आ सकता है। दक्षिण अफ्रीका ने सुपरस्पोर्ट पार्क पर खेले गये पहले टेस्ट में विंडीज को 87 रन से शिकस्त दी थी। शृंखला का दूसरा और अंतिम मैच बुधवार से यहां वॉन्डरर्स स्टेडियम पर खेला जायेगा।

Exit mobile version