Dainik Savera Times

APL: T20 जगत में जल्द शुरू होगी एक नई लीग! 2026 में खेला जाएगा पहला सीजन, 5 टीमें लेंगी हिस्सा

APL

APL: अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने एक बार फिर फ्रेंचाइजी टी20 लीग की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। बोर्ड ने आधिकारिक तौर पर अफगानिस्तान प्रीमियर लीग (APL) के आयोजन की घोषणा की है, जिसमें पहले सीजन में पांच टीमें हिस्सा लेंगी। इस टूर्नामेंट के अक्टूबर 2026 के आसपास संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में शुरू होने की योजना है।

यह लीग अफगानिस्तान क्रिकेट के लिए खास मानी जा रही है, क्योंकि इससे पहले 2018 में शुरू की गई इसी तरह की लीग को भुगतान से जुड़े विवादों के कारण बंद करना पड़ा था। उस समय क्रिस गेल, ब्रेंडन मैकुलम और शाहिद अफरीदी जैसे दिग्गज खिलाड़ियों ने इसमें हिस्सा लिया था, लेकिन लीग ज्यादा समय तक नहीं चल सकी।

2026 की गर्मियों में होगा ड्राफ्ट
एक रिपोर्ट के अनुसार, APL के लिए खिलाड़ियों का ड्राफ्ट जून–जुलाई 2026 के बीच कराए जाने की संभावना है। ACB ने अपनी प्रेस रिलीज में बताया कि पहले सीजन में पांच अलग-अलग शहरों की फ्रेंचाइजी टीमें होंगी। इन टीमों में अफगानिस्तान के शीर्ष खिलाड़ियों के साथ-साथ अनुभवी विदेशी क्रिकेटर और युवा उभरती प्रतिभाएं भी नजर आएंगी।

अफगानिस्तान में पहले से ही घरेलू स्तर पर श्पेगीजा क्रिकेट लीग का आयोजन हर साल जुलाई–अगस्त में किया जाता है, जिससे खिलाड़ियों को टी20 फॉर्मेट में खेलने का अच्छा अनुभव मिलता रहा है।

ACB प्रमुख ने बताया लीग का महत्व
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मीरवाइस अशरफ ने इस लीग को देश के क्रिकेट विकास की दिशा में अहम कदम बताया। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान प्रीमियर लीग खिलाड़ियों के लिए नए मौके पैदा करेगी और आने वाली पीढ़ी को प्रेरणा देगी। यह लीग अफगान क्रिकेट को अंतरराष्ट्रीय मंच पर और मजबूती से पेश करने का जरिया बनेगी।

टीमों के नाम और नीलामी अभी बाकी
फिलहाल लीग में शामिल होने वाली पांच टीमों के नाम तय नहीं किए गए हैं। ACB के मुताबिक, लॉन्च के बाद अगले चरण में फ्रेंचाइजियों के नामों को अंतिम रूप दिया जाएगा, जिसके बाद ड्राफ्ट और ऑक्शन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। बोर्ड ने इस लीग के आयोजन के लिए ट्रांस ग्रुप और ITW यूनिवर्स के संयुक्त क्रिकेट वेंचर के साथ साझेदारी भी की है।

कुल मिलाकर, अफगानिस्तान प्रीमियर लीग की वापसी को देश के क्रिकेट भविष्य के लिए एक नए और सकारात्मक अध्याय की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।

Exit mobile version