Dainik Savera Times

138 साल पुरानी डिजाइन वाली डायमंड रिंग से अर्शदीप ने किया समरीन को प्रपोज, कीमत जानकर रह जाएंगे हैरान

Arshdeep&Samreen Engagement Ring: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में आ गए हैं। अर्शदीप ने 11 नवंबर 2026 को अपनी गर्लफ्रेंड समरीन कौर के साथ अपने रिश्ते को नया नाम दे दिया है। उन्होंने बेहद रोमांटिक अंदाज में समरीन को शादी के लिए प्रपोज किया और उन्हें अपनी मंगेतर बना लिया। इस खास पल की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

इन तस्वीरों में अर्शदीप सिंह घुटनों के बल बैठकर समरीन को प्रपोज करते नजर आ रहे हैं। दोनों की जोड़ी और उनका रोमांटिक अंदाज फैंस को काफी पसंद आ रहा है। वहीं, इस पूरे प्रपोजल में समरीन की उंगली में नजर आ रही डायमंड रिंग भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।

समरीन कौर ने सोशल मीडिया पर शेयर कीं तस्वीरें
समरीन कौर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सगाई के इस खास पल की कई तस्वीरें शेयर की हैं। इन तस्वीरों में दोनों एक-दूसरे के साथ काफी खुश नजर आ रहे हैं। समरीन अपनी डायमंड रिंग को भी फ्लॉन्ट करती दिखाई दे रही हैं।

तस्वीरों के साथ समरीन ने एक भावुक कैप्शन भी लिखा। उन्होंने कहा कि जिंदगी उन्हें बहुत कुछ दे सकती थी, लेकिन वह इस बात से सबसे ज्यादा खुश हैं कि जिंदगी ने उन्हें एक-दूसरे का साथ दिया। उन्होंने हमेशा साथ रहने की बात कहते हुए 11 नवंबर 2026 की तारीख को अपनी जिंदगी का खास दिन बताया।

लाखों रुपये की है समरीन की सगाई वाली अंगूठी
अर्शदीप और समरीन की तस्वीरों में सबसे ज्यादा ध्यान उनकी डायमंड रिंग ने खींचा है। आमतौर पर सेलिब्रिटीज की सगाई की अंगूठियां काफी महंगी और अलग डिजाइन वाली होती हैं, लेकिन समरीन की अंगूठी अपने सिंपल और क्लासिक लुक की वजह से चर्चा में है। इस अंगूठी में हीरे को एक खास तरीके से लगाया गया है, जिसकी वजह से हीरा अंगूठी के बैंड से थोड़ा ऊपर उठा हुआ दिखाई देता है। जूलरी की भाषा में इस डिजाइन को प्रॉन्ग सेटिंग कहा जाता है।

कितनी है इस डायमंड रिंग की कीमत?
सेलिब्रिटी जूलरी एक्सपर्ट पीयूष गोयल के मुताबिक, इस तरह की सगाई की अंगूठी की कीमत काफी ज्यादा हो सकती है। अमेरिका में साइज 6 की प्लैटिनम और हीरे से बनी इस तरह की अंगूठी की अनुमानित कीमत करीब 59,000 डॉलर है। भारतीय रुपये में इसकी कीमत लगभग 55.26 लाख रुपये बताई जा रही है।
वहीं, भारत में हीरे के कैरेट के हिसाब से इसकी कीमत अलग-अलग हो सकती है।

– 1.69 कैरेट डायमंड रिंग: करीब 44 लाख रुपये।
– 2.10 कैरेट डायमंड रिंग: करीब 66.79 लाख रुपये।
– यानी हीरे के आकार और वजन के आधार पर इस तरह की अंगूठी की कीमत लाखों रुपये तक पहुंच सकती है।

क्या होती है सॉलिटेयर डायमंड रिंग की खासियत
समरीन की अंगूठी का डिजाइन सॉलिटेयर स्टाइल से मिलता-जुलता है। यह सगाई की अंगूठियों के सबसे पसंदीदा और पुराने डिजाइनों में से एक है।
इस क्लासिक डिजाइन को मशहूर लग्जरी जूलरी ब्रांड टिफनी एंड कंपनी ने साल 1886 में पेश किया था। इस डिजाइन में अंगूठी के बीच में एक बड़ा हीरा लगाया जाता है, जो बाकी डिजाइन से अलग और उभरा हुआ नजर आता है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि हीरे पर चारों तरफ से रोशनी पड़ती है। इससे हीरा ज्यादा चमकदार दिखाई देता है और उसकी खूबसूरती भी बढ़ जाती है।

छह छोटे प्रॉन्ग्स देते हैं हीरे को मजबूती
इस तरह की अंगूठी में आमतौर पर छह छोटे मेटल के प्रॉन्ग्स यानी पकड़ लगाने वाले हिस्से होते हैं। ये हीरे को चारों तरफ से मजबूती के साथ पकड़कर रखते हैं।
इस डिजाइन की वजह से हीरा अपनी जगह पर सुरक्षित रहता है और उसकी चमक भी साफ दिखाई देती है। यही कारण है कि इतने साल पुराने होने के बावजूद सॉलिटेयर डायमंड रिंग का फैशन आज भी बरकरार है। सगाई और शादी के लिए इस डिजाइन को आज भी काफी पसंद किया जाता है। इसकी सादगी, खूबसूरती और क्लासिक लुक इसे खास बनाते हैं।

 

Exit mobile version