Asia Cup 2025 Ind vs UAE: सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम एशिया कप टी-20 टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत बुधवार को मेजबान संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ अपने पहले मैच से करेगी।
यूएई के खिलाफ जीत के प्रबल दावेदार भारत के लिए यह मैच रविवार 14 सितंबर को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले की तैयारी का मौका बन गया है। तीसरे स्पिनर या विशेषज्ञ तेज गेंदबाज को उतारने पर असमंजस के बावजूद भारतीय टीम ऑलराउंडरों के दम पर यूएई टीम की चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है।
मुख्य कोच का पदभार संभालने के बाद से, गौतम गंभीर सभी प्रारूपों में उच्च-कुशल खिलाड़ियों को शामिल कर रहे हैं। ऐसे खिलाड़ी जो टीम को मज़बूती दे सकें, खासकर बल्लेबाजी में, उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। टीम इंडिया पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले टीम के संयोजन और कमियों को सुधारने के लिए उत्सुक है। यह भारतीय टीम के लिए प्रयोग करने का एक अच्छा मौका है ।
मेज़बान टीम के लिए यह कई खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा मुकाबला है। अब तक भारत और यूएई टी20 फॉर्मेट में सिर्फ़ एक बार आमने-सामने हुए हैं। 2016 के एशिया कप में भारत ने 9 विकेट से जीत हासिल की थी। अब हालात बिल्कुल अलग हैं। ख़ास बात यह है कि इस मैच में यूएई की ओर से शुभमन गिल के बचपन के दोस्त सिमरनजीत सिंह खेल रहे हैं।
तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह का सामना करना या उप-कप्तान शुभमन गिल को गेंदबाज़ी करना भी सदस्य देश के क्रिकेटरों के जीवन में एक बड़ा मील का पत्थर है। हालाँकि विकेटकीपर के पद के लिए जितेश शर्मा और संजू सैमसन के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा है, लेकिन मौजूदा रिपोर्टों के अनुसार, जितेश के चुने जाने की संभावना है । शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा के बल्लेबाजी क्रम में ओपनिंग करने की उम्मीद है। तिलक वर्मा और कप्तान सूर्यकुमार यादव बाद के क्रम में खेल सकते हैं।
दुबई का मौसम
मौसम रिपोर्ट के अनुसार, 10 सितंबर को दुबई में आसमान साफ़ रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है। इसलिए मैच बिना किसी व्यवधान के सुचारू रूप से संपन्न होगा। बताया जा रहा है कि तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुँचने और आर्द्रता का स्तर 65 प्रतिशत के आसपास रहने की संभावना है।
दुबई पिच रिपोर्ट
दुबई स्टेडियम में तेज़ गेंदबाज़ों को विकेट लेने में मदद मिलती है, लेकिन स्पिनर ज़्यादा ख़तरनाक साबित हो सकते हैं। 145 के औसत रन रेट के साथ, यह गेंदबाज़ों के लिए स्वर्ग नहीं है। टॉस जीतने वाली टीम दोपहर के उजाले में पहले गेंदबाज़ी करना पसंद करती है। लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों ने यहाँ 60 प्रतिशत मैच जीते हैं।
कहा देखें मैच?
*मैच शुरू: रात 8 बजे
*स्थान: दुबई अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम, दुबई
*लाइव प्रसारण: सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और सोनी लाइव ऐप

