Site icon Dainik Savera Times

एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप: भारतीय मुक्केबाजों का दमदार प्रदर्शन, 8 खिलाड़ियों ने फाइनल में बनाई जगह

Asian Boxing Championships

Asian Boxing Championships

स्पोर्ट्स डेस्क : एशियन अंडर-19 और अंडर-23 बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारतीय मुक्केबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है। टूर्नामेंट की पुरुष और महिला अंडर-23 कैटेगरी में भारत के आठ खिलाड़ियों ने फाइनल में जगह बना ली है। इसके अलावा, सात भारतीय मुक्केबाजों ने सेमीफाइनल तक पहुंचकर ब्रॉन्ज मेडल पक्का कर लिया है।

महिलाओं की अंडर-23 कैटेगरी में भारत की पांच मुक्केबाजों ने फाइनल में जगह बनाई। इनमें निशा और निकिता चंद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मुकाबले जीते। 54 किलोग्राम वर्ग में निशा ने दक्षिण कोरिया की हेजू ली को पहले राउंड में ही आरएससी (रेफरी स्टॉप कॉन्टेस्ट) के जरिए हराया। वहीं, 60 किलोग्राम वर्ग में निकिता चंद ने जापान की सारी कोकुफू के खिलाफ पहले राउंड में आरएससी से जीत दर्ज की।

महिलाओं के 65 किलोग्राम वर्ग में काजल ने किर्गिस्तान की गुल्जिना मेल्सवेक को दूसरे राउंड में आरएससी (रेफरी स्टॉप कॉन्टेस्ट) के जरिए हराया। काजल ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाए रखी। 75 किलोग्राम वर्ग में मुस्कान ने उज्बेकिस्तान की तोइरोवा ओयशा के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने यह मुकाबला 5-0 के एकतरफा फैसले से अपने नाम किया। वहीं, प्रियंका (80+ किलोग्राम) ने कजाकिस्तान की पनार सेइतखांकीजी को 5-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

ये भी पढे़ं :–  https://dainiksaveratimes.com/sports/yuvraj-singh-vaibhav-suryavanshi/

पुरुषों की अंडर-23 कैटेगरी में भी भारतीय मुक्केबाजों ने दमदार प्रदर्शन किया। 50 किलोग्राम वर्ग में विश्वनाथ सुरेश ने फिलीपींस के खिलाड़ी को 5-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। उन्होंने पूरे मुकाबले में बेहतरीन नियंत्रण और तकनीक का प्रदर्शन किया। 55 किलोग्राम वर्ग में गंगा ने जापान के मुक्केबाज के खिलाफ कड़ा मुकाबला खेला। उन्होंने 3-2 के स्प्लिट फैसले से जीत दर्ज कर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। वहीं, 65 किलोग्राम वर्ग में वंशज ने किर्गिस्तान के मुक्केबाज को 4-1 से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया।

भारत ने सेमीफाइनल तक पहुंचकर सात ब्रॉन्ज मेडल भी जीते।

महिलाओं की अंडर-23 कैटेगरी में तनु (51 किलोग्राम), प्राची (57 किलोग्राम), शिवानी (70किलोग्राम) और नैना (80 किलोग्राम) ने ब्रॉन्ज मेडल जीते।

पुरुषों की अंडर-23 कैटेगरी में हितेश (70 किलोग्राम), नीरज (75 किलोग्राम) और ईशान कटारिया (90+किलोग्राम) ने ब्रॉन्ज मेडल जीते।

इन शानदार नतीजों के साथ भारत ने एशियाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप में अपनी पदक तालिका को और मजबूत कर लिया है। पुरुष और महिला दोनों वर्गों में भारतीय मुक्केबाजों के अच्छे प्रदर्शन से पता चलता है कि भारत इस टूर्नामेंट में एक मजबूत दावेदार बना हुआ है। एशियाई अंडर-19 और अंडर-23 बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन इंडोनेशिया के जकार्ता में 5 जुलाई से 16 जुलाई तक हो रहा है।

हाल के एशियाई और अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में अच्छे प्रदर्शन के बाद भारत ने इस चैंपियनशिप में मजबूत टीम के साथ हिस्सा लिया है। अलग-अलग वेट कैटेगरी में भारतीय मुक्केबाजों की क्षमता लगातार बेहतर हो रही है। टूर्नामेंट से पहले चुनी गई भारतीय टीम ने नेशनल कैंप में कड़ी तैयारी की है। इस दौरान खिलाड़ियों ने अपनी तकनीक सुधारने, मुकाबले की रणनीति पर काम करने और अपनी फिटनेस बेहतर करने पर ध्यान दिया।

Exit mobile version