Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

Asian Games 2023: अदिति ने गोल्फ व्यक्तिगत स्पर्धा में जीता रजत, पुरुष टीम को मिली हार

October 1, 2023

Asian Games 2023: अदिति ने गोल्फ व्यक्तिगत स्पर्धा में जीता रजत, पुरुष टीम को मिली हार

 

हांगझोउ: भारत की शीर्ष गोल्फर अदिति अशोक ने रविवार को एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए 17 अंडर पार के स्कोर के साथ व्यक्तिगत महिला गोल्फ स्पर्धा में रजत पदक जीत लिया वहीं अनिर्बान लाहिरी और उनकी पुरुष टीम अपने मुकाबले हार गई। चीन में चल रहे 19वें एशियाई खेलों में आज हुए महिला गोल्फ व्यक्तिगत मुकाबले में अदिति अशोक ने अंतिम राउंड से पहले सात शॉट की बढ़त बना ली थी।

हालांकि अदिति ने आज चार बोगी और एक डबल बोगी लगाई, जिससे थाईलैंड की अर्पिचया युबोल ने दो शॉट की बढ़त बना ली और स्वर्ण पदक जीता। दक्षिण कोरिया की ह्युनजो ने छह स्थान की बढ़त बनाते हुए कांस्य पदक जीता। प्रणवी उर्स चार अंडर पार के साथ 13वें स्थान पर रहीं, जबकि अवनि प्रशांत तीन ओवर पार के साथ संयुक्त रूप से 18वें स्थान पर रहीं।

वहीं पुरुष गोल्फ मुकाबले में अनिर्बान लाहिरी और पुरुष टीम पदक जीतने में असफल रही। भारतीय गोल्फर अनिर्बान लाहिरी ने आज पांच स्थान की बढ़त हासिल की, लेकिन वह पुरुष गोल्फ व्यक्तिगत स्टैंडिंग में 12वें स्थान पर रहे। उन्होंने चार राउंड के बाद 274, -14 पार का स्कोर हासिल किया। खलिन जोशी (27वें स्थान), एसएसपी चौरसिया (29वें स्थान) और शुभंकर शर्मा (32वें स्थान) भी पदक की दौड़ से बाहर रहे।

पुरुष टीम स्पर्धा में भारत 34 अंडर पार के स्कोर के साथ सातवें स्थान पर रहा। दक्षिण कोरिया की टीम ने स्वर्ण पदक जीता जबकि थाईलैंड को रजत और हांगकांग को कांस्य पदक मिला। इस रजत पदक के साथ ही अदिति अशोक एशियाई खेलों में गोल्फ पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें