Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

Asian Games 2023: भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने जीता स्वर्ण पदक  

October 7, 2023

Asian Games 2023: भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने जीता स्वर्ण पदक  
हांगझोउ: भारत और अफगानिस्तान के बीच शनिवार को यहां एशियाई खेलों के क्रिकेट मैच का फाइनल बारिश के कारण रद्द हो गया जिससे रुतुराज गायकवाड़ की अगुवाई वाली टीम को उच्च वरीयता के कारण विजेता घोषित किया गया। पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी अफगानिस्तान की टीम ने 18.2 ओवर में पांच विकेट पर 112 रन बनाये थे। इसके बाद लगातार बारिश के कारण यहां के ‘झेजियांग यूनिर्विसटी ऑफ टेक्नोलॉजी‘ क्रिकेट मैदान में खेल नहीं हो सका।
अफगानिस्तान की शुरुआत काफी खराब रही। टीम ने शुरुआती चार ओवर में 12 रन पर तीन विकेट गंवा दिये। शिवम दुबे  (1-0-4-1) जुबैद अकबरी (पांच) को आउट किया जबकि अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद शहजाद (चार) अर्शदीप सिंह (3-0-17-1) का शिकार बने।  नूर अली जादरान (एक) गफलत का शिकार हो कर रवि बिश्नोई की थ्रो पर रन आउट हो गये। शहीदुल्लाह ने 43 गेंद में नाबाद 49 रन की पारी खेल टीम का संकट से बाहर निकाला।
अपनी पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाने वाले इस बल्लेबाज ने अफसर जजई (15) के साथ चौथे विकेट के लिए 37 रन जोड़े।  इस साझेदारी को बिश्नोई (4-0-12-1) ने तोड़ा। वामहस्त स्पिनर शाहबाज अहमद (3.2-0-28-1 ने इसके बाद करीम जन्नत (एक) को बोल्ड किया। कप्तान गुलबदिन नायब ने इसके बाद शाहिदुल्ला के साथ छठे विकेट के लिए 60 रन की अटूट साझेदारी कर टीम को 100 रन के पार पहुंचाया।
नायब ने 24 गेंद में नाबाद 27 रन बनाने के दौरान एक चौका और दो छक्के जड़ें। बारिश के कारण मैच दोबारा शुरू नहीं हो सका और श्रीलंका के मैच रेफरी ग्रैम लैब्रूइ ने मैदान का मुआयना करने के बाद इसे रद्द घोषित कर दिया। भारतीय टीम बेहतर वरीयता के आधार पर विजेता बनी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें