हांगझोउ: एशियाई खेलों की कुराश स्पर्धा से भारत को खाली हाथ लौटना पड़ेगा क्योंकि ज्योति टोकस और यश कुमार चौहान को अपने अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में एकतरफा पराजय झेलनी पड़ी। चौहान को 90 किलो वर्ग में ईरान के सादेग अजारांग ने 10 . 0 से हराया । यह मुकाबला ज्यादा देर तक नहीं चला क्योंकि ईरानी खिलाड़ी ने खलोल के जरिये चौहान को चित कर दिया।
अगर खिलाड़ी अपने विरोधी को मजबूत तरीके से थ्रो करता है तो उसे खलोल कहा जाता है और वह उस बाउट का विजेता बन जाता है। इससे पहले महिलाओं के 87 किलो क्वार्टर फाइनल में ज्योति को ईरान की मलिका ओमिद वी ने तीन चाल के जरिये 3 . 0 से हराया।
जकार्ता में 2018 में रजत पदक जीतने वाली पिंकी बलहारा भी 52 किलो क्वार्टर फाइनल में हारकर बाहर हो गई थी। भारत के आदित्य धोपांवकर (81 किलो), सुचिका तरियाल (52 किलो) और केशव (66 किलो) भी हारकर बाहर हो चुके हैं।

