Last Updated: November 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

Asian Games2023: हॉकी कप्तान Harmanpreet Singh को भारतीय दल का ध्वजवाहक नामित किया गया

September 22, 2023

Asian Games2023: हॉकी कप्तान Harmanpreet Singh को भारतीय दल का ध्वजवाहक नामित किया गया

 

चंडीगढ़: भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन को हांगझू में एशियाई खेलों के लिए भारतीय दल का ध्वजवाहक बनाया गया है। भारतीय दल 23 सितंबर को उद्घाटन समारोह के मार्च पास्ट में भाग लेगा। पंजाब के खेल मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने गुरुवार को हरमनप्रीत सिंह को भारतीय दल के ध्वजवाहक के रूप में नामित होने पर बधाई दी और कहा कि यह पंजाब और हॉकी के लिए गर्व की बात है।

उन्होंने कहा कि हॉकी खिलाड़ी मनप्रीत सिंह को पिछले साल बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में ध्वजवाहक बनने का गौरव मिला था। मीत हेयर ने सभी भारतीय खिलाड़यिों को बधाई दी और उम्मीद जताई कि आने वाले दो हफ्तों में भारतीय खिलाड़ी अपने शानदार प्रदर्शन से एशियाई खेलों में देश का नाम रोशन करेंगे। अमृतसर जिले के टिम्मोवाल गांव के रहने वाले हरमनप्रीत सिंह टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य थे, जब उन्होंने भारतीय टीम के लिए सर्वाधिक छह गोल किए थे।

बर्मिंघम में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के सदस्य और ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह ने नौ गोल किये। हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में भारतीय हॉकी टीम ने इस साल एशियन चैंपियंस ट्रॉफी जीती। हरमनप्रीत सिंह ने चैंपियंस ट्रॉफी में रजत पदक, हॉकी वर्ल्ड लीग में कांस्य पदक, एशिया कप में स्वर्ण पदक और जकार्ता एशियाई खेलों में कांस्य पदक भी जीता है। जूनियर भारतीय हॉकी टीम के लिए खेलते हुए हरमनप्रीत सिंह जूनियर विश्व कप और जूनियर एशिया कप के विजेता भी हैं। उन्हें अर्जुन पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें