Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

Asian Games: 9 छक्के, 3 चौके और 204 का स्ट्राइक रेट… शेफाली वर्मा ने ठोका T20 का पहला शतक

September 20, 2026

Asian Games: 9 छक्के, 3 चौके और 204 का स्ट्राइक रेट… शेफाली वर्मा ने ठोका T20 का पहला शतक

खेल डेस्क: कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले जा रहे एशियन गेम्स 2026 में महिला क्रिकेट के दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश के सामने 196 रन का लक्ष्य रखा है। भारत की तरफ से शेफाली वर्मा ने विस्फोटक शतक लगाया।

पहले विकेट के लिए 6 ओवर में 72 रन की साझेदारी

भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। कप्तान के फैसले को शेफाली वर्मा ने विस्फोटक शतक लगाते हुए सही साबित किया और टीम को एक सुरक्षित स्कोर तक पहुंचा दिया। भारत के लिए स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा पारी की शुरुआत करने उतरी थीं। दोनों ने पहले विकेट के लिए 6 ओवर में 72 रन की साझेदारी की। मंधाना 19 गेंदों पर 2 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 37 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद जी कमलीनी का विकेट भी जल्द गिर गया। वह 3 रन बनाकर आउट हुईं।

चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आईं कप्तान हरमनप्रीत कौर ने शेफाली वर्मा के साथ तीसरे विकेट के लिए 94 रन की साझेदारी की और टीम का स्कोर 179 तक पहुंचाया। कौर 33 गेंदों पर 6 चौकों की मदद से 40 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष भी 2 रन बनाकर आउट हुईं।

शेफाली वर्मा ने एक छोर संभाल कर रखा

गिरते विकेटों के बीच शेफाली वर्मा ने एक छोर संभाल कर रखा और अपने अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर का पहला शतक लगाया। उनका शतक 49 गेंदों पर आया। यह भारतीय पारी की आखिरी गेंद थी। वर्मा 49 गेंदों पर 9 छक्के और 3 चौकों की मदद से 100 रन पर नाबाद लौटीं। इस शतक के साथ ही शेफाली ने मंधाना के सबसे तेज टी20 शतक के भारतीय महिला क्रिकेटर के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। मंधाना ने 2018 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 49 गेंदों में ही शतक लगाया था।

वर्मा के साथ भारती फूलमाली नाबाद रहीं

वर्मा के साथ भारती फूलमाली 5 गेंदों पर 9 रन बनाकर नाबाद रहीं।  भारत ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 195 रन बनाकर बंग्लादेश को जीत के लिए 196 रन का लक्ष्य दिया है। बंग्लादेश के लिए मारूफा अख्तर, संजीदा अख्तर, राबिया खान और नाहिदा अख्तर ने 1-1 विकेट लिए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें