Site icon Dainik Savera Times

Aus vs Ind, 4th Test : नीतीश की ‘सुंदर’ पारी ने भारत को बचाया, रैड्डी और वाशिंगटन ने की 127 रनों की रिकॉर्ड सांझेदारी

मेलबर्न: निचले क्रम के बल्लेबाज नीतीश कुमार रैड्डी (नाबाद 105) के जुझारू शतक और उनकी वाशिंगटन सुंदर (50) के साथ 8वें विकेट के लिए 127 रन की जबरदस्त साझेदारी की मदद से भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे बॉक्सिंग डे टैस्ट के तीसरे दिन फॉलो-आन से बचते हुए खराब मौसम के कारण स्टंप्स घोषित किए जाने तक 9 विकेट पर 358 रन बना लिए। नीतीश कुमार रैड्डी तीसरे दिन भारत के लिए हीरो बनकर उभरे और मेलबर्न क्रिकेट ग्राऊंड पर 83,073 दर्शकों के सामने मेजबान टीम की अगुआई करते हुए शानदार पहला टैस्ट शतक जड़ा।

अपना चौथा टैस्ट मैच खेल रहे रैड्डी ने अपने स्ट्रोकप्ले में चतुराई दिखाई और डिफैंस में भी मजबूत रहे। उन्होंने साथी ऑलराऊंडर वाशिंगटन सुंदर के साथ मिलकर 8वें विकेट के लिए 127 रन की निर्णायक साझेदारी की। वाशिंगटन सुंदर ने धैर्यपूर्वक अर्धशतक जड़ा। इस तरह भारत ने तीसरे दिन 116 ओवर में 358/9 का स्कोर बनाया और वह ऑस्ट्रेलिया से 116 रन पीछे है। अपने पिता मुत्याला के साथ भगवान से लगातार प्रार्थना करते हुए और स्टैंड में आगे की सीट से उत्सुकता से देख रहे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ, रैड्डी ने स्कॉट बोलैंड की गेंद पर एक शानदार ऑन-ड्राइव के जरिए 171 गेंदों में एक भावुक शतक बनाया। जैसे ही शतक की पुष्टि हुई, रैड्डी अपने घुटनों पर बैठ गए और एक प्रतिष्ठित स्थल पर अपने परिवार के सामने अपना पहला टैस्ट शतक लगाने से पहले आसमान की ओर देखा।

सुंदर ने 146 गेंदों में अपना चौथा अर्धशतक लगाया। मोहम्मद सिराज ने 3 गेंदों पर रन बचाकर रैड्डी को शतक बनाने का मौका दिया, जिसके बाद ऑलराऊंडर ने अगले ओवर में अपना पहला शतक पूरा किया, जिससे स्टैंड में बैठे उनके और उनके परिवार के लिए भावुक दृश्य देखने को मिले। रैड्डी एमसीजी में अपना पहला टैस्ट शतक बनाने वाले दूसरे भारतीय भी बने, इससे पहले 1948 में वीनू मांकड़ ने ऐसा किया था। भारत को उम्मीद होगी कि रैड्डी और सिराज चौथे दिन अधिक से अधिक रन बनाएंगे, क्योंकि तीसरे दिन मेहमान टीम ने शानदार वापसी की थी।

ये भी पढ़ें- समुद्री सुरक्षा से उड़ानों तक स्थिति सामान्य, 24 घंटे में 49 समेत 2,729 भारतीय नाविक लौटे देश

Exit mobile version