Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 190 रनों से हराकर सीरीज को 3-0 से किया अपने नाम

January 2, 2024

ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 190 रनों से हराकर सीरीज को 3-0 से किया अपने नाम

मुम्बई: फोएबे लिचफील्ड की 119 रनों की शतकीय और अलिसा हीली की 82 रनों की अर्धशतकीय पारी और उसके बाद गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार को तीसरे और श्रृंखला के आखिरी एकदिवसीय मुकाबले में भारत को 190 रनों के बड़े अंतर से हराते हुए सीरीज 3-0 से जीत ली है।

339 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही और पांचवें ओवर में उसने सलामी बल्लेबाज यास्तिका भाटिया का विकेट खो दिया। उन्हें शूट ने छह रन के निजी स्कोर पर बोल्ड आउट किया। इसके बाद नौवें ओवर में स्मृति मांधना 29 रन को शूट ने गार्थ के हाथों कैच आउट कराकर पवेलियन भेज दिया। इसके बाद तो लगातार भारत के विकेट गिरते रहे। कप्तान हरमनप्रीत कौर तीन रन, जेमिमाह रॉड्रिग्स 25 रन, अमनजोत कौर तीन रन, पूजा वस्त्रकर 14 रन, श्रेयंका पाटिल दो रन और मन्नत कश्यप आठ रन बनाकर आउट हुई। दीप्ति शर्मा 25 रन पर नाबाद रही। भारत की पूरी टीम 32.4 ओवर में 148 रनों पर सिमट गई।

ऑस्ट्रेलिया की ओर से जॉर्जिया वेयरहम ने तीन विकेट लिये। मेगन शूट, अलाना किंग और ऐनाबेल सदरलैंड को दो-दो विकेट मिले। एश्ली गार्डनर ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले वानखेड़े स्टेडियम में आज टॉस पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की फोएबे लिचफील्ड और एलिसा हीली की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट लिए 189 रनों की साझेदारी कर टीम को शानदार शुरुआत दी। लिचफील्ड ने 125 गेंदों में 16 चौकों और एक छक्के के मदद से 119 रन बनाए। वहीं कप्तान एलिसा हीली ने चार चौके और तीन छक्कों की मदद से 85 गेंदों में 82 रन की पारी खेली।

एलिस पेरी 16 रन, एश्ली गार्डनर 30, ऐनाबेल सदरलैंड 23 रन, बेथ मूनी तीन रन और तालिया मैक्ग्रा शून्य पर आउट हुई। जॉर्जिया वेयरहम 11 और अलाना किंग 26 रन पर नाबाद रही। ऑस्ट्रेलिया ने निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट पर 338 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। भारत की ओर श्रेयंका पाटिल ने तीन विकेट लिये। अमनजोत कौर को दो विकेट मिले तथा पूजा वस्त्रकर और दीप्ति शर्मा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें