Site icon Dainik Savera Times

IND vs AUS 2nd ODI: ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ दूसरे मैच में टॉस जीतकर पहले चुनी गेंदबाजी

विशाखापटनम: ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ ने भारत के खिलाफ दूसरे एकदिवसीय मैच में रविवार को टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। स्मिथ ने टॉस के बाद कहा, ‘हम पहले गेंदबाजी करेंगे। पिच थोड़ी अलग है। (बारिश के कारण) काफी देर कवर्स के नीचे रही है तो उम्मीद है कि गेंदबाजी में मदद करेगी। (पिछले मैच में) मध्य ओवरों में एक साझेदारी हमें बचा सकती है।

इस तरह की पिचों पर खेलना हमारे लिये सीखने का अच्छा मौका है। ग्लेन मैक्सवेल की मांसपेशियों में खिंचाव है इसलिये उनकी जगह नेथन एलिस टीम में आये हैं। जॉश इंग्लिस की जगह एलेक्स कैरी वापस आ गये हैं।’ भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा, ‘पिच लंबे समय से कवर के नीचे है, हमें अच्छी बल्लेबाजी करनी होगी और देखना होगा कि हम कहां हैं। आप भारत के लिये जो भी मैच खेलते हैं वह दबाव वाला मैच होता है, इसलिए आपको शांत रहकर सही निर्णय लेना होता है।

पिछली कुछ वनडे सीरीज में हमने शांत रहने की कोशिश की है। टीम में दो बदलाव हैं। ईशान बाहर गये हैं, उनकी जगह मैं टीम में वापस आ गया हूं। शार्दुल ठाकुर बाहर गये हैं और अक्षर पटेल ने उनकी जगह ली है।’ उन्होंने कहा, ‘अगर हम टॉस जीतते तो मुझे लगा कि हम पहले गेंदबाजी करते हुए तीन स्पिनरों के साथ कुछ कर सकते हैं। मुझे लगता है कि गेंद दूसरी पारी में भी टर्न होगी। हम विश्व कप में तीन स्पिनरों के साथ जा सकते हैं, इसलिए हम इसे आजमाना चाहते हैं।’

भारतीय एकादश : रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी। ऑस्ट्रेलियाई एकादश : ट्रैविस हेड, मिचेल मार्श, स्टीव स्मिथ (कप्तान), मार्नस लाबुशेन, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, मार्कस स्टॉइनिस, शॉन एबॉट, नाथन एलिस, मिचेल स्टार्क, ऐडम ज़ैम्पा।

Exit mobile version