स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। शुक्रवार को भारत ने रिकॉर्ड छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। हरारे में खेले गए फाइनल मुकाबले में आयुष म्हात्रे की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 100 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस बड़ी उपलब्धि के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम को 7.5 करोड़ रुपये की इनामी राशि देने की घोषणा की। बीसीसीआई सचिव देवजित साइकिया ने युवा खिलाड़ियों के जज्बे और दबाव में बेहतरीन प्रदर्शन की जमकर तारीफ की।
बीसीसीआई ने जताया गर्व
खिताबी जीत के बाद देवजित साइकिया ने कहा कि बोर्ड को पूरी टीम पर गर्व है। अंडर-19 टीम ने बड़े मंच पर शानदार खेल दिखाया और पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए ट्रॉफी जीती। फाइनल में इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम को हराना आसान नहीं था, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ जीत हासिल की।
फाइनल में वैभव सूर्यवंशी का धमाका
फाइनल मैच में भारत को पहले बल्लेबाजी करने का मौका मिला। इस मौके को वैभव सूर्यवंशी ने पूरी तरह भुनाया। बाएं हाथ के बल्लेबाज वैभव ने सिर्फ 80 गेंदों में 175 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी इस पारी में 15 चौके और 15 छक्के शामिल रहे। वैभव की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 411 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।
इंग्लैंड की टीम 311 रन पर ढेर
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने अच्छी शुरुआत करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर दबाव बना दिया। नतीजा यह रहा कि इंग्लैंड की पूरी टीम 311 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह भारत ने मुकाबला 100 रन से जीतकर अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
वैभव बने मैच और टूर्नामेंट के हीरो
अपनी ऐतिहासिक पारी के लिए वैभव सूर्यवंशी को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ दोनों पुरस्कारों से नवाजा गया। उनकी इस शानदार प्रदर्शन ने उन्हें टूर्नामेंट का सबसे बड़ा सितारा बना दिया।
मेष: दिन शुभ रहेगा...