Site icon Dainik Savera Times

BCCI ने पीएमओए के अंदर स्मार्ट गॉगल्स पर लगाई रोक

मुंबई : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की भ्रष्टाचार-रोधी और सुरक्षा इकाई (एसीएसयू) ने खिलाड़ियों और मैच अधिकारियों के क्षेत्र (पीएमओए) के अंदर स्मार्ट गॉगल्स या स्मार्ट चश्मे रखने और इस्तेमाल करने पर प्रतिबंध लगा दिया है।

यह फैसला तब लिया गया, जब एसीएसयू को जानकारी मिली कि कुछ कंपनियां खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को ऐसे हाई-टेक स्मार्ट चश्मे उपलब्ध करा रही हैं, जिनमें लाइव स्ट्रीमिंग, टेक्स्ट मैसेज, ऑडियो-वीडियो कॉलिंग और इंटरनेट कनेक्टिविटी जैसी सुविधाएं मौजूद हैं।

बीसीसीआई के अनुसार, इन उपकरणों को ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग और संचार डिवाइस की श्रेणी में रखा गया है, जो भ्रष्टाचार-रोधी नियमों के लिए खतरा बन सकते हैं। एसीएसयू ने सभी आईपीएल फ्रेंचाइजियों को निर्देश दिया है कि खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ मैच के दिनों में पीएमओए में प्रवेश से पहले मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच और स्मार्ट आईवियर जैसे उपकरण सुरक्षा अधिकारियों के पास जमा कराएं।

ऐसा नहीं करने पर जुर्माना लगाया जा सकता है। बीसीसीआई ने कहा कि पीएमओए को स्टेडियम का सुरक्षित और प्रतिबंधित क्षेत्र माना जाता है, जहां केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति होती है।

Exit mobile version