Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

बेल्जियम, फ्रांस और पुर्तगाल ने यूरोपीय चैंपियनशिप के लिए अपना स्थान किया सुरक्षित

October 14, 2023

बेल्जियम, फ्रांस और पुर्तगाल ने यूरोपीय चैंपियनशिप के लिए अपना स्थान किया सुरक्षित

 

पेरिस: काइलियन एमबापे और क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने दो-दो गोल दागे, जिससे फ्रांस और पुर्तगाल ने क्वालीफाइंग में अपना शानदार रिकार्ड बरकरार रखते हुए अगले साल होने वाली यूरोपीय फुटबाल चैंपियनशिप में अपनी जगह सुरक्षित की। इन दोनों के अलावा बेल्जियम भी जर्मनी में होने वाली प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई करने में सफल रहा। यूरोप की इन तीनों शीर्ष टीमों को क्वालीफाई करने के लिए जीत की जरूरत थी और उनके स्ट्राइकरों ने शानदार प्रदर्शन करके उनकी जीत सुनिश्चित की।

एमबापे के दो गोल की मदद से एम्सटर्डम में खेले गए मैच में फ्रांस ने नीदरलैंड को 2-1 से हराया। यह फ्रांस की लगातार छठी जीत थी। एमबापे ने सातवें मिनट में ही पहला गोल दाग दिया। यह उनका 41वां अंतरराष्ट्रीय गोल था जिससे उन्होंने फ्रांस के दिग्गज माइकल प्लातिनी की बराबरी की। एमबापे ने इसके बाद 51वें मिनट में दूसरा गोल किया। नीदरलैंड की तरफ से एकमात्र गोल 80वें मिनट में क्विंलिडस्की हार्टमैन ने किया।

यह क्वालीफाइंग में पहला मौका था जबकि फ्रांस के खिलाफ किसी टीम ने गोल किया। ग्रुप बी में यूनान ने आयरलैंड को 2-0 से हरा कर दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। उसके अब 12 अंक हो गए हैं। नीदरलैंड के 9 अंक हैं और वह तीसरे स्थान पर है। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष पर रहने वाली दो टीम सीधे क्वालीफाई करेंगी। पुर्तगाल ने रोनाल्डो के दो गोल की मदद से स्लोवाकिया को 3-2 से पराजित किया। रोनाल्डो के 202 अंतरराष्ट्रीय मैच में अब 125 गोल हो गए हैं।

पुर्तगाल की यह लगातार सातवीं जीत है और उसका गोल अंतर 27-2 है। यह यूरोपीय क्वालीफाइंग में किसी टीम का अभी तक सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। उधर वियना में रोमेलु लुकाकु ने फिर से गोल किया जबकि डोडी लुकेबाकियो ने दो गोल किए, जिससे बेल्जियम ने आॅस्ट्रिया को 3-2 से हरा कर ग्रुप एफ से यूरोपीय चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें