Site icon Dainik Savera Times

BJK Cup Finals: चेक गणराज्य ने गत चैंपियन स्विट्जरलैंड को हराया 

सेविले (स्पेन): चेक गणराज्य ने बिली जीन किंग (बीजेके) कप टेनिस फाइनल्स में ग्रुप चरण के पहले दिन  मंगलवार को यहां गत चैंपियन स्विट्जरलैंड को 3-0 से हराया। चेक गणराज्य के लिए पदार्पण कर रही लिंडा नोस्कोवा और मारिया बौजकोवा ने एकल मुकाबलों में जीत दर्ज की। ग्रुप ए के मैच में नोस्कोवा ने सेलीन नेफ को 7-6, 4-6, 6-4 से हराया जबकि बौजकोवा ने विक्टोरिया गोलूबिक को 6-4, 6-4 से मात दी।

बारबोरा क्रेजिसिकोवा और कतेरीना सिनियाकोवा ने गोलूबिक और जिल टीचमैन की जोड़ी को युगल मैच में 7-6 , 6-2 से हराया। कलाई की चोट के कारण दुनिया की आठवें नंबर की खिलाड़ी कैरोलिना मुचोवा के हटने के बाद बौजकोवा को चेक गणराज्य की टीम में शामिल किया गया है। स्विट्जरलैंड की टीम ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता बेंलिंडा बेनसिच के बिना खेल रही है।

बेनसिच ने शुक्रवार को घोषणा की थी कि वह गर्भवती हैं। स्लोवेनिया ने ग्रुप बी में पिछले साल के उपविजेता ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से हराया। काजा जुवान ने अजला टोमलजानोविच को 6-4, 6-1 से और तमारा जिदानसेक ने डारिया सैविले को 6-1, 6-4 से हराया। किम्बर्ली बिरेल और स्टॉर्म हंटर ने युगल मैच में ऑस्ट्रेलिया के लिए जीत दर्ज की। इस जोड़ी ने   वेरोनिका एर्जावेक और इला नाला मिलिक को 7-5, 6-7, 10-5 से हराया।

 

Exit mobile version