Blessing Muzarabani: IPL 2026 की शुरुआत से ठीक पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने अपनी टीम में बड़ा बदलाव करते हुए जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को शामिल कर लिया है। फ्रेंचाइजी ने उन्हें बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान के रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में जगह दी है। देश में हुए विवाद के बाद केकेआर ने मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया था, जिसके बाद टीम को नए तेज गेंदबाज की तलाश थी। अब इस जगह को भरने के लिए मुजरबानी को टीम में शामिल किया गया है।
PSL छोड़कर आईपीएल खेलने का फैसला
दिलचस्प बात यह है कि केकेआर के साथ जुड़ने से पहले ब्लेसिंग मुजरबानी पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) की टीम इस्लामाबाद यूनाइटेड का हिस्सा थे। उन्हें वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज शमार जोसेफ के रिप्लेसमेंट के रूप में टीम में शामिल किया गया था। हालांकि आईपीएल में खेलने का मौका मिलने के बाद मुजरबानी ने पीएसएल छोड़कर आईपीएल को प्राथमिकता देने का फैसला किया। उनके इस फैसले के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में हलचल तेज हो गई है और इसे लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है।
ये भी पढ़ें- PAK क्रिकेटर अबरार अहमद को खरीदने पर घिरीं काव्या मारन, BCCI ने भी तोड़ी चुप्पी
PCB कर रहा कानूनी कार्रवाई पर विचार
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) अब मुजरबानी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की संभावना पर विचार कर रहा है। बोर्ड का मानना है कि पीएसएल टीम के साथ समझौते के बाद अचानक लीग छोड़ना अनुबंध के नियमों का उल्लंघन हो सकता है।
हालांकि यह पहला मामला नहीं है जब किसी खिलाड़ी ने पीएसएल छोड़कर आईपीएल में खेलने का फैसला किया हो। इससे पहले 2025 में दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कॉर्बिन बॉश ने भी ऐसा ही कदम उठाया था। उस समय पेशावर जाल्मी ने उन्हें डायमंड कैटेगरी में चुना था, लेकिन बाद में वह रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के तौर पर मुंबई इंडियंस से जुड़ गए थे।
टी20 वर्ल्ड कप में शानदार रहा प्रदर्शन
ब्लेसिंग मुजरबानी हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप में अपनी शानदार गेंदबाजी की वजह से चर्चा में रहे थे। उन्होंने टूर्नामेंट में 6 मैचों में 13 विकेट लेकर बेहतरीन प्रदर्शन किया था और दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने थे।
ये भी पढ़ें- जल्द ही होने जा रहा IPL 2026 का आगाज़, जानें कब से शुरू होगी टिकटों की बिक्री
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ग्रुप स्टेज मुकाबले में उन्होंने चार विकेट लेकर जिम्बाब्वे की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उनके प्रदर्शन की बदौलत जिम्बाब्वे की टीम सुपर-8 चरण तक पहुंचने में सफल रही थी।
अब आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स को उनसे इसी तरह की धारदार गेंदबाजी की उम्मीद होगी। टीम प्रबंधन को भरोसा है कि मुजरबानी अपनी तेज गति और उछाल भरी गेंदों से विपक्षी बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...